Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 28, 2013 - 06:00:15 AM


Title - - विन्ध्याचल रूट की बसें बंद, ट्रेनों की रफ्तार धीमी
Posted by : nikhilndls on Aug 28, 2013 - 06:00:15 AM

इलाहाबाद (ब्यूरो)। गंगा की बाढ़ ने अब सड़क और रेल मार्ग से निकलने वाले यात्रियों के लिए भी दिक्कत खड़ी करनी शुरू कर दी है। इलाहाबाद-मिर्जापुर मार्ग पर बाढ़ का पानी आ जाने के कारण सोमवार को इलाहाबाद से विन्ध्याचल और विन्ध्याचल से मिर्जापुर के बीच रोडवेज बसों का आवागमन बंद कर दिया गया। इसके साथ ही सड़क मार्ग से इलाहाबाद से विन्ध्याचल का संपर्क भी टूट गया है। दूसरी ओर रेलवे ट्रैक के किनारे पानी पहुंचने से सहमे रेल प्रशासन ने भी ट्रेनों की रफ्तार पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। एनसीआर में विरोही-गैपुरा के बीच सभी ट्रेनों को अधिकतम 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने का आदेश जारी कर दिया गया है। ट्रेन रेलवे ड्राइवरों को भी इसके मेमो जारी किए जा रहे हैं। इलाहाबाद से विन्ध्याचल और मिर्जापुर के लिए करीब दो दर्जन से ज्यादा बसों का संचालन होता है। बताते हैं कि दोपहर के पहले मांडा रोड से विन्ध्याचल के बीच राजमार्ग पर एक फिट तक पानी लग गया है। इसके कारण रोडवेज बसों का आना-जाना रोक दिया गया है। जीरो रोड डिपो के एआरएम सुमन यादव के मुताबिक राजमार्ग पर बाढ़ का पानी आने से बसों का रूट डाइवर्ट कर दिया गया है। अब बसें मेजा, मांडा से लालगंज होकर मिर्जापुर चलाया जा रहा है। इससे करीब बसों को करीब 19 किमी ज्यादा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस कारण किराया बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही विन्ध्याचल से मिर्जापुर के बीच में भी बसों का परिचालन बंद कर दिया गया है। दूसरी ओर इलाहाबाद-मुगलसराय के बीच मुख्य रेलमार्ग पर भी खतरा मंडरा रहा है। रेलमार्ग के आसपास पानी का जमाव होने से रेलवे प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही मेल, एक्सप्रेस, सुपरफास्ट समेत राजधानी, दूरंतो और गरीब रथ एक्सप्रेस के लिए गति प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। सीपीआरओ संदीप माथुर के मुताबिक छोटे सेक्शन में ट्रेनों को अधिकतम 70 किमी की रफ्तार से चलाने के निर्देश दिए गए हैं।