Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 26, 2013 - 14:57:33 PM


Title - 28 मौतों के बाद धमारा पर मेहरबान हुआ रेल मंत्रालय
Posted by : Mafia on Aug 26, 2013 - 14:57:33 PM

28 बेकसूरों द्वारा जान गंवाने के बाद रेल मंत्रालय धमारा स्टेशन पर मेहरबान हुआ है। रेल मंत्रालय ने स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म अन्य निर्माण कार्यो की स्वीकृति दी है। इस पर 2.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
गौरतलब है कि इसी स्टेशन पर विगत 19 अगस्त को सावन के अंतिम सोमवार को काफी संख्या में श्रद्धालु राज्यरानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए थे। दुर्घटना में मारे गए अधिकांश लोग प्रसिद्ध मां कात्यायनी मंदिर में पूजा करने गए थे। घटना से आक्रोशित लोगों ने राज्यरानी समेत दो ट्रेनों में आग लगा दी थी। स्टेशन पर भी भारी तोड़फोड़ की थी। इसमें रेलवे को करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ था। यहां फुटओवर ब्रिज समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी के नेतृत्व में दर्जनों लोग अनशन पर बैठे हैं।
एसपी शिवकुमार झा ने बताया, रेल मंत्रालय व समस्तीपुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक एसएन पतियाल ने रविवार को उन्हें पत्र भेजा है। इसमें 2.41 करोड़ की लागत से स्टेशन पर निर्माण कार्योँ को मंजूरी दी गई है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार समस्तीपुर-सहरसा रेल खंड के धमारा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक को 231 मीटर बढ़ाने, प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर 415 मीटर लंबे नए प्लेटफॉर्म का निर्माण, प्लेटफॉर्म नंबर एक से तीन को जोड़ते हुए फुटओवर ब्रिज का निर्माण, लाइन नंबर एक व दो और दो व तीन पर टाई बार फेंसिंग, प्लेटफॉर्म पर समुचित प्रचार-प्रसार की व्यवस्था, 10 छोटे शेल्टर व बिजली की सुविधा हेतु सोलर सिस्टम लगाने की स्वीकृति दी गई है।
समस्तीपुर मंडल रेलवे के अधिकारी के अनुसार दुर्घटना में मारे गये 28 लोगों में से 25 के उत्तराधिकारियों को 15-15 हजार रुपये उसी दिन दिए गए थे। शेष 4.85 लाख रुपये उनके खातों में जमा किए जाएंगे। पांच लोगों के बैंक खातों में शेष राशि भेज दी गई है। बाकि मृतकों के परिजनों के भी खाता नंबर मिलने के तुरंत बाद शेष राशि भेज दी जाएगी। दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी दो लोगों को पांच-पांच हजार रुपये नकद व 95 हजार रुपये उनके खाते में भेज दिए गए हैं।