| - यात्री बढ़ गए, ट्रेनें पड़ रहीं कम - Amar Ujala by railgenie on 22 May, 2013 - 06:00 PM | ||
|---|---|---|
railgenie | - यात्री बढ़ गए, ट्रेनें पड़ रहीं कम - Amar Ujala on 22 May, 2013 - 06:00 PM | |
वाराणसी। इस गर्मी में रेल यात्रियों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि ट्रेनों में जगह ही नहीं रह गई है। खासकर मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जाने वाली ट्रेनों में 120 से लेकर 180 तक वेटिंग टिकट मिल रहा है। जो ट्रेनें आ और जा रही हैं, उनकी हालत यह है कि बीच रास्ते में, बाथरूम के पास भी जमीन पर यात्री बैठे नजर आ रहे हैं। बिहार जाने वाली ट्रेनें में भी आरक्षण नहीं मिल पा रहा। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जाने वाली ट्रेनों में तीन जून तक का वेटिंग टिकट मिल रहा है। मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस और दिल्ली जाने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस में सभी श्रेणियों में 120 से लेकर 185 तक अलग-अलग तिथियों में वेटिंग टिकट मिल रहा है। महानगरी एक्सप्रेस में एक जून को तो वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है। यही हाल बिहार जाने वाली ट्रेनों का है। अधिकारियों की मानें तो इन दिनों यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इस गर्मी में लोग लंबी दूरी बस से नहीं तय करना चाहते। ट्रेन ज्यादा सुविधाजनक है। बनारस आने वाली कई ट्रेनों में खचाखच भरी भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग कैसे यात्रा करने को बाध्य हैं। बाथरूम जाने वाले रास्ते पर, सीटों के बीच में चादर, दरी बिछाए यात्री बैठे नजर आते हैं। गेट पर यात्रियों के बैठे रहने से बोगियों में चढ़ने तक में दिक्कत उठानी पड़ रही है। इन दिनों कैंट स्टेशन पर जनरल टिकट की बिक्री में लगभग 15 से 20 फीसदी इजाफा हुआ है। | ||