Indian Railways News => Topic started by railgenie on May 29, 2013 - 20:00:24 PM


Title - - आधा दर्जन ट्रेनों में एसी खराब, यात्री बेहाल, हंगामा
Posted by : railgenie on May 29, 2013 - 20:00:24 PM

इलाहाबाद। ट्रेनों के एसी कोच में सफर करना यात्रियों के लिए नरक सरीखा हो गया है। सब तरफ से बंद कोचों में एसी फेल होने से भीषण गर्मी में यात्री बेहाल हैं। रविवार को लालकिला एक्सप्रेस, नार्थईस्ट एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, कालका एक्सप्रेस, छिप्रा एक्सप्रेस एवं नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेनों में एसी खराब होने से यात्री आगबबूला हो गए। गर्मी में उबल रहे यात्रियों ने जंक्शन पर जमकर हंगामा किया। इससे ट्रेनें एक से ढाई घंटे तक लेट हो गईं। ट्रेनों में सफर करने वालों के लिए रविवार का दिन काफी भारी रहा। 04040 दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन सुबह 7.20 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंची तो इसके सेकेंड और थर्ड एसी कोचों में कूलिंग न होने की शिकायत पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। काफी होहल्ला होने के बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने समस्या दूर की तो सुबह 10.15 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। रेलवे प्रशासन को यात्रियों के हंगामे का सामना किए अभी ढाई घंटा ही बीता था कि दिल्ली से कोलकाता के बीच चलने वाली 13112 लालकिला एक्सप्रेस जंक्शन पहुंची तो इसके बी-वन कोच में कूलिंग की समस्या को लेकर यात्री बिफर पड़े। हंगामे की सूचना पर आनन-फानन में पहुंचे कर्मचारियों ने एसी दुरुस्त किया। तकरीबन घंटेभर बाद दिन में 1.40 बजे ट्रेन आगे रवाना हुई। इंदौर से हावड़ा के बीच चलने वाली 19306 छिप्रा एक्सप्रेस के एसी-टू एवं एसी-थ्री कोच में खराबी को लेकर यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। यह ट्रेन शाम 5.20 बजे जंक्शन पहुंची। यात्रियों के हंगामे और एसी दुरुस्त करने के बाद ट्रेन तकरीबन दो घंटे की देरी से शाम 7.20 बजे रवाना हुई। यही हाल छिप्रा से दुर्ग के बीच चलने वाली 15159 सारनाथ एक्सप्रेस का रहा। सारनाथ एक्सप्रेस शाम 6.55 बजे जंक्शन पहुंची तो इसके बी-वन कोच में खराब एसी को लेकर यात्री भड़क गए। काफी मशक्कत के बाद एसी ठीक होने पर ट्रेन शाम 7.45 बजे रवाना हुई। कालका से हावड़ा के बीच चलने वाली 12312 कालका मेल रात 8.05 बजे जंक्शन पहुंची तो इसके एसी-टू कोच में कुलिंग न होने पर यात्रियों ने शोरशराबा शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे कर्मचारियों ने समस्या दूर की। इसके बाद एक घंटा का देरी से रात 9.05 बजे आगे रवाना हुई। दिल्ली-पटना के बीच चलने वाली 04040 दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन की बोगियों में पानी खत्म होने पर यात्रियों ने जंक्शन पर रविवार को जमकर हंगामा किया। सामान्य कोच में पानी खत्म होने से गुस्साए यात्रियों ने सुबह 7.20 बजे ट्रेन के जंक्शन पहुंचने पर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। यात्री भीषण गर्मी में बिना पानी के ट्रेन आगे न बढ़ने देने पर अड़ गए। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने सभी बोगियों में पानी भरा। इसके बाद सुबह 10.15 बजे ट्रेन रवाना हुई।