| - ट्रैवेल एजेंसी पर सीबीआई का छापा, संचालक गिरफ्तार by Mafia on 24 May, 2013 - 03:00 PM | ||
|---|---|---|
Mafia | - ट्रैवेल एजेंसी पर सीबीआई का छापा, संचालक गिरफ्तार on 24 May, 2013 - 03:00 PM | |
इलाहाबाद। रेलवे के टिकटों की हेराफेरी करने वालों की तलाश में कोलकाता की सीबीआई और रेलवे विजिलेंस टीम ने शहर के एक ट्रैवेल एजेंट की दुकानों पर छापेमारी की। एजेंट के सिविल लाइंस और कीडगंज स्थित कार्यालयों पर दिन में हुई कार्रवाई की सूचना मिलने पर शहर के ट्रैवेल एजेंटों में हड़कंप मच गया। आननफानन में एजेंटों ने शटर गिरा दिया। सीबीआई ने सिविल लाइंस की ट्रैवल एजेंसी के संचालक को उठाया है। आरोप है कि एजेंट कोलकाता के एक सांसद के लेटर पैड का दुरुपयोग कर रेलवे टिकटों को वीआईपी कोटे में कन्फर्म कराता था। इस गोरखधंधे में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कुछ कर्मचारियों की भी मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। रेलवे में मुख्यालय कोटा से बर्थ को कन्फर्म कराने का खेल लंबे समय से चल रहा है। करीब महीनेभर पहले शिकायत पर कोटा से जुड़े एक कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई। सीबीआई की छापेमारी से इस खेल के गहरे तक जुड़े होने की आशंका को बल मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक कोलकाता से पहुंची सीबीआई और विजिलेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से सिविल लाइंस में सम्राट होटल के निकट शुभ यात्रा ट्रैवल एजेंसी के कार्यालय पर छापा मारा। एजेंसी की कीडगंज स्थित कार्यालय में भी इसी के साथ छापेमारी की गई। जांच टीम ने दोनों एजेंसियों के कंप्यूटर हार्ड डिस्क, सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी जब्त कर ली। साथ ही आईआरसीटीसी के वेब पेज से बुक कराए गए ई-टिकटों के रिकार्ड भी जब्त किए हैं। इसमें उन यात्रियों के विवरण शामिल हैं जिनके प्रतीक्षा सूची वाले टिकटों को मुख्यालय कोटे से कन्फर्म कराया गया है। दोनों एजेंसियों से रिकार्ड जब्त करने के बाद संचालक पंकज सिंह को भी टीम साथ में ले गई है। सूत्र बताते हैं कि पंकज ने कोलकाता के एक सांसद के पैड का इस्तेमाल मुख्यालय कोटा लगाने में करता रहा है। सांसद ने कोलकाता में रेलवे अफसरों से मामले की शिकायत की है। मामले की तहकीकात के लिए पिछले पखवाड़ेभर से विजिलेंस टीम इलाहाबाद में डेरा डाले हुए है। बताते हैं कि एजेंसी ने रिजर्वेशन और कोटा प्रणाली की जानकारी के लिए रेलवे में 15 दिन पहले संपर्क किया था। इसके बाद लगातार एजेंट पर निगाह रखी जा रही थी। | ||