Indian Railways News => Topic started by irmafia on May 20, 2013 - 18:00:12 PM


Title - ... फिर तीन दिन चलेगी प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस
Posted by : irmafia on May 20, 2013 - 18:00:12 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 19 मई 2013 5:31 AM IST पर
झांसी। मंडल रेल प्रशासन ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने के लिए प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास भेजा है। अगर इस प्रस्ताव को मान लिया जाता है तो जल्द ही यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलने लगेगी। इससे इस ट्रेन के रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
झांसी से पश्चिम बंगाल की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए दो ही ट्रेनें उपलब्ध हैं। इनमें चंबल एक्सप्रेस अलग- अलग दिनों में ग्वालियर व मथुरा से चलकर इलाहाबाद होते हुए गंतव्य तक पहुंचती है। जबकि दूसरी गाड़ी 11105/11106 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम साप्ताहिक एक्सप्रेस झांसी से संचालित होती है। यह गाड़ी कानपुर, इलाहाबाद होते हुए गंतव्य तक पहुंचती है। झांसी से कोलकाता के मध्य चलने वाली इस गाड़ी की यात्रियों के बीच अत्यधिक मांग है।
स्थिति यह है कि दो महीने पहले लिया गया प्रतीक्षा सूची का आरक्षित टिकट चार्ट बनने तक उसी स्थिति मेें रहता है। परिणामस्वरूप स्लीपर कोच भी जनरल की तरह नजर आते हैं। वहीं, जनरल कोचों में तो पैर रखने तक की जगह नहीं रहती है। अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इस गाड़ी में थर्ड एसी में तीन व स्लीपर में चार बर्थ का ही वीआईपी कोटा है। कोटे में एक बर्थ पाने के लिए लोगों को रेलवे बोर्ड व मुख्यालय तक के अफसरों की सिफारिश लगानी पड़ती है। इन हालातों को देखते हुए मंडल रेल प्रशासन ने इस गाड़ी को सप्ताह में तीन दिन चलाने के लिए प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजा है।