| - रेलवे खिलाएगा पनीर टिक्का और मोहन भोग - Amar Ujala by eabhi200k on 27 May, 2013 - 12:00 PM | ||
|---|---|---|
eabhi200k | - रेलवे खिलाएगा पनीर टिक्का और मोहन भोग - Amar Ujala on 27 May, 2013 - 12:00 PM | |
इलाहाबाद। बस थोड़ा और इंतजार! पूड़ी सब्जी, ब्रेड आमलेट और इडली खाकर ऊब चुके रेलवे यात्रियों का सफर जायकेदार होने वाला है। ट्रेन से सफर के लिए घर से निकल रहे हैं और खानपान का इंतजाम नहीं हैं तो चिंता न करें। स्टेशन पहुंचे, रेलवे के स्टाल पर पनीर टिक्का, मोहन भोग, मूंग का हलवा समेत तमाम लजीज व्यंजन मिलेंगे। रेलवे ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। खानपान से जुड़े कई कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा है जबकि 40 कर्मचारी ट्रेंड होकर लौटे हैं। तैयारी है कि सामान्य भोजन से इतर रेलवे ऐसे लजीज व्यंजन उपलब्ध कराएगा जिनकी यात्री मांग करते हैं। गाजर का हलुआ, खीर, रसगुल्ला, पुलाव, समोसा, आलू पकौड़ा, पनीर पकौड़ा, मटर पनीर, पूड़ी, दाल फ्राई के साथ कई किस्म की सब्जियां यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इन्हें लजीज बनाने और शाही अंदाज में परोसने के लिए कर्मचारियों को ‘मास्टर’ बनाया जा रहा है। खानपान सेवा में सुधार के लिए रेलवे के कैटरिंग कर्मचारियों को दिल्ली स्थित होटल मैनेजमेंट एंड न्यूट्रीशियन कॉलेज पूसा से प्रशिक्षित कराया जा रहा है। इलाहाबाद और कानपुर के 40 कर्मचारियों का दल प्रशिक्षण प्राप्त कर लौट चुका है। एक और टीम ट्रेनिंग के लिए गई है। झांसी और आगरा डिवीजन के कर्मचारियों को भी खानपान सेवा की ट्रेनिंग दी जाएगी। स्टेशनों के खानपान व्यवस्था का बड़ा हिस्सा आईआरसीटीसी से रेलवे के हाथ में आ चुका है लेकिन फिलहाल इसे ठेकेदार संचालित कर रहे हैं। अब रेलवे इसमें अपनी भूमिका बढ़ाने जा रहा है। वर्तमान में स्टेशनों पर रेलवे के रिफ्रेशमेंट रूम में ज्यादातर इडली सांभर, पराठा, पूड़ी सब्जी और आमलेट मिल रहा है। इससे इतर स्टेशन पर ही बने ठेकेदारों के रेस्टोरेंट में खानपान आइटम की संख्या 50 से 55 के बीच है। सो, ज्यादातर यात्री उन्हीं रेस्टोरेंट में जाते हैं। कई चरणों की बैठक के बाद रेलवे ने यात्रियों को जोड़ने के लिए स्वाद पर जोर दिया है। खानपान व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रेलवे बोर्ड के निर्देश पर सभी क्षेत्रीय रेलवे के कर्मचारियों को पूसा से प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसमें रेलकर्मियों को लजीज व्यंजन पकाने, परोसने, थाली को सजाने और यात्रियों की आवभगत के तरीके सिखाए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक इलाहाबाद जंक्शन के एक नंबर प्लेटफार्म पर स्थित रेलवे रिफ्रेशमेंट रूम को नए तरीके से संवारा जाएगा। हॉल को वातानुकूलित बनाने के साथ ही इसमें डिस्प्ले काउंटर लगाए जाएंगे। सुबह सात से रात 10 बजे तक गर्म और लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। | ||