Indian Railways News => Topic started by greatindian on May 17, 2013 - 15:00:20 PM


Title - - रेलवे में डाटा फीडिंग का काम निजी हाथों में
Posted by : greatindian on May 17, 2013 - 15:00:20 PM

इलाहाबाद। कर्मचारी संगठनों के चुनाव खत्म होते ही रेलवे ने पिछले दरवाजे से फिर निजी एजेंसियों की घुसपैठ शुरू करा दी है। इस बार निशाने पर डाटा फीडिंग के कार्य हैं। रेलवे प्रशासन ने इलाहाबाद डिवीजन के पार्सल घर, कंट्रोल और ड्राइवर-गार्ड लॉबी के आंकड़ों को कंप्यूटर में दर्ज करने के लिए निजी एजेंसियों को लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। निजी फर्मों के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया भी रेलवे ने शुरू कर दी है। आशंका है कि यह काम निजी हाथों में जाने के बाद पद खत्म कर दिए जाएंगे। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों का गुस्सा भड़क सकता है और रेलवे प्रशासन को कदम खींचने पड़ सकते हैं। रेलवे के पार्सल घर में माल बुकिंग, डिलीवरी, लोडिंग, अनलोडिंग के काम होते हैं। ड्राइवर, गार्ड लॉबी में दोनों वर्गों के कर्मचारियों के ड्यूटी और छुट्टी से जुड़े सभी रिकार्ड कंप्यूटर में दर्ज किए जा रहे हैं। कंट्रोल में ट्रेनों की सूचनाओं के डाटा दर्ज किए जा रहे हैं। अभी इन सभी कार्यों के लिए रेलवे के दर्जनों कर्मचारी लगाए गए हैं। तीनों स्थानों पर कंप्यूटरीकरण हो चुका है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक प्रशासन इन कार्यों से जुड़े पदों को बिना किसी शोर-शराबे के खत्म करने की तैयारी में है। यह काम कई महीने पहले ही पूरा करने की योजना थी, लेकिन कर्मचारी संगठनों के चुनाव को देखते हुए इसे अंजाम नहीं दिया गया। चुनाव खत्म होते ही यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह अभी शुरुआत है। इसके पहले भी सफाई समेत कई कार्य धीरे-धीरे निजी हाथों में सौंपे जा चुके हैं।