Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Aug 06, 2013 - 21:00:04 PM


Title - 'वेंडर गिरोह' ने की थी जीटी एक्सप्रेस लूट
Posted by : nikhilndls on Aug 06, 2013 - 21:00:04 PM

आगरा: जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच में लूटपाट करने वाला गिरोह पुराने वेंडरों का था। इसका सरगना पुराना वेंडर राजू गोस्वामी निकला। वह वेंडर बनकर ही ट्रेन में चढ़ा था। राजू अभी फरार है। हालांकि उसके तीन साथी पुलिस ने पकड़ लिए हैं।
बीस जुलाई की रात में आगरा से दिल्ली जा रही जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 को आधा दर्जन हथियार बंद बदमाशों ने निशाना बनाया था। कोच में सवार मथुरा के पूर्व विधायक रविकांत गर्ग के पुत्र अजयकांत, बल्देव प्रसाद समेत 14 सवारियों को तमंचे और चाकू के बल पर लाखों की लूट की थी। सोमवार को पत्रकार वार्ता में एसपी जीआरपी वजीह अहमद ने बताया कि लूटपाट करने वाले पवन, निन्नू उर्फ जीतेंद्र और लक्ष्मी नारायण सभी निवासी तिवारीपुरम यमुना पार मथुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि सरगना राजू कैंट स्टेशन से सवार हुआ था। गिरोह के अन्य सदस्य कीठम के पास कार लेकर पहले से मौजूद थे। वहां राजू ने चेन खींच दी। इसके बाद तमंचे के बल पर करीब आधा घंटे तक लूटपाट की। इसके बाद कीठम पर ही उतरकर कार से आगरा पहुंचे। यहां, लूट की रकम का बंटवारा करने के बाद राजू और बाकी बदमाश दिल्ली भाग गए।
एसपी ने बताया फरार राजू और उसके साथियों कोमल सिंह, चौटाला उर्फ कालिया निवासी भरतपुर की तलाश कीजा रही है। गिरोह के एक अन्य सदस्य डब्बू उर्फ डालचंद को 29 जुलाई को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। राजू ने कुछ साल पूर्व गिरोह बनाकर ट्रेनों में चोरी शुरू की थी। तीन बार जेल भी जा चुका है।
जिस ट्रेन में एस्कॉर्ट नहीं चलता था गिरोह उसी में वारदात को अंजाम देता था। जीटी एक्सप्रेस के एस्कार्ट में तैनात सिपाही अरविंद और मोहम्मद सलीम बैरक में सोते रह गए थे, इसकी जानकारी होने के बाद ही राजू ट्रेन में सवार हुआ था। वह आगरा-दिल्ली और आगरा से कोटा रूट पर चलने वाली ट्रेनों को निशाना बनाते थे।
हिमाचल प्रदेश में लोकेशन
वारदात के बाद गिरोह आए दिन अपनी लोकेशन बदल रहा है। गिरोह की लोकेशन अब हिमाचल प्रदेश में मिली है। जीआरपी की एक टीम को वहां रवाना किया है।