Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Apr 08, 2013 - 15:00:06 PM


Title - 15 मिनट का अंतर तय करेगा हबीबगंज तक पहुंचेगी शताब्दी या नहीं
Posted by : RailXpert on Apr 08, 2013 - 15:00:06 PM

भोपाल. यदि रेलवे बोर्ड ने भोपाल रेल मंडल की गुजारिश को मान लिया तो आने वाले दिनों में नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस को स्थाई रूप से भोपाल से हबीबगंज तक बढ़ाया जा सकेगा।

ट्रायल रिपोर्ट के अनुसार बीना से भोपाल के साथ ही झांसी से बीना के बीच अगर शताब्दी की स्पीड बढ़ा दी जाए तो बात बन सकती है। कुल 15 मिनट के समायोजन की जरूरत है।

बीते 1 व 2 अप्रैल को शताब्दी एक्सप्रेस को भोपाल से हबीबगंज तक लाने के लिए रेलवे प्रशासन ने ट्रायल किया था। डीआरएम राजीव चौधरी ने बताया कि इस दौरान यह बात सामने आई कि गाड़ी को पूरी तरह तैयार कर वापस भेजने में कुल 65 मिनट का वक्त लगता है।

इसमें से 40 मिनट का समय रेल मंडल आसानी से निकाल पा रहा है। बचे 25 मिनट में से 10 मिनट बीना से भोपाल के सफर के दौरान आते-जाते वक्त निकाले जा सकेंगे। इसके बाद भी 15 मिनट बच रहे हैं। इन 15 मिनट का समय मिल जाए तो ट्रेन स्थाई रूप से हबीबगंज आ सकती है।

स्पीड से ही संभव : रेलवे बोर्ड शताब्दी का समय दोनों ओर से बिल्कुल भी नहीं बदलना चाहता। ऐसे में केवल उसके पास एक ही रास्ता बचता है। स्पीड बढ़ाकर समय बचाने का है।

नॉर्दन रेलवे पर दारोमदार

शताब्दी के हबीबगंज तक ट्रायल की विस्तृत रिपोर्ट  एक-दो दिन में रेलवे बोर्ड को भेजी जा सकती है। इसमें बोर्ड से आग्रह किया जाएगा कि वह बचे 15 मिनट का समय एडजस्ट करवा दे तो गाड़ी को हबीबगंज से ही शुरू किया जा सकता है। हालांकि, इस कवायद में नॉर्दन रेलवे झांसी को पूरा सहयोग देना होगा।

वहां के अधिकारी यदि चाहेंगे तो वे बोर्ड को झांसी से बीना के बीच आते-जाते वक्त गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर 15 मिनट का समय निकाल कर दे सकेंगे।

80 फीसदी यात्री नए शहर से

शताब्दी एक्सप्रेस के आवागमन के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। इससे आए दिन ट्रैफिक जाम के हालात पैदा हो जाते हैं। साथ ही इस गाड़ी में करीब 80 फीसदी लोग नए शहर से भोपाल स्टेशन पहुंचते हैं। इसलिए रेलवे प्रशासन चाहता है कि नए शहर के लोगों का समय बचाने व जाम के हालात से निपटने के लिए गाड़ी का पड़ाव हबीबगंज स्टेशन किया जाए।

ट्रायल के बाद गणित

:ट्रेन को पूरी तरह तैयार कर वापस भेजने में लगा समय - 65 मिनट

:ट्रायल के दौरान रेल मंडल ने समय            निकाला- 40 मिनट
:इसके बाद गाड़ी के लिए जरूरी समय    - 25 मिनट
:बीना से भोपाल के बीच आते-जाते वक्त कितना समय निकाला जा सकता है- 10 मिनट
:इसके बाद वह समय, जिसके बचतेे ही गाड़ी हबीबगंज आ जाएगी- 15 मिनट