Indian Railways News => Topic started by Jitendar on May 13, 2013 - 03:00:21 AM


Title - 72 घंटे बाद रेलवे प्लेटफार्म के नीचे मिला फाल्ट
Posted by : Jitendar on May 13, 2013 - 03:00:21 AM

दिबियापुर : नगर के दक्षिणी भाग में तीन दिनों से बिजली नहीं आ रही है। विद्युत विभाग फाल्ट ढूंढ़ने में लगा रहा। आखिर में 72 घंटे बाद फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 व 2 के नीचे ढूंढने को मिला। यहां विद्युत केबिल पूरी तरह जल गई थी। विद्युत कर्मचारी नई केबिल डालने का प्रयास कर रहे हैं। संभावना है कि देर रात तक दक्षिणी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
बताते चलें कि तीन दिन से दक्षिण भाग में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। बिजली न होने से इस क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त है। लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग अपनी जिम्मेदारी के प्रति संवेदनशील नहीं है। तीन दिनों से फाल्ट नहीं खोजा जा सका था। बिजली न होने से फफूंद रेलवे स्टेशन पर भी पेयजल का संकट बना हुआ है। रविवार की दोपहर विद्युत विभाग ने फाल्ट ढूंढने में कामयाबी हासिल की। बताते हैं कि रेलवे प्लेटफार्म नंबर 1 व 2 के नीचे से गुजरी विद्युत लाइन की केबिल जल गई थी। इस कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता शशिकांत का कहना है कि रेलवे स्टेशन के नीचे जो विद्युत लाइन बिछाई गई है, उसकी केबिल पूरी तरह जल गई। इसको खोजने में काफी समय लग गया। उनके अनुसार मामला रेलवे की भूमि और स्टेशन से संबंधित है। इसलिए अचानक वहां जाकर कोई कार्य नहीं किया जा सकता। इसके लिए रेलवे से स्वीकृत लेना जरूरी होता है। उनका कहना है कि नई केबिल डाली जारही है। देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।