Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Jun 14, 2013 - 20:01:11 PM


Title - Booking of railway retiring rooms will now also online - अब रेलवे रिटायरिंग रूम की बुकिंग भी होगी ऑन
Posted by : ConfirmTicket on Jun 14, 2013 - 20:01:11 PM

जयपुर/जोधपुर। रेल यात्री ट्रेन में ऑनलाइन रिजर्वेशन करवाने के साथ अब रेलवे स्टेशनों पर बने रिटायरिंग रूम की एडवांस बुकिंग भी ऑनलाइन करवा सकेंगे। यह सुविधा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर दी जाएगी। कन्फर्म व आरएसी टिकट के पीएनआर के आधार पर बुकिंग होगी। रेलवे बोर्ड ने रिटायरिंग रूम की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। अब आईआरसीटीसी इसे जल्द शुरू करेगा।

देशभर में प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने के लिए रिटायरिंग रूम बने हैं। वर्तमान में इनकी बुकिंग यात्री के स्टेशन पर पहुंचने पर ही होती है। अब रेलवे ने रिटायरिंग रूम की ऑनलाइन एडवांस बुकिंग करने की तैयारी कर ली है। इसके लिए आईआरसीटीसी के साथ समझौता किया गया है। रेलवे के ट्रैफिक कॉमर्शियल डायरेक्टर (जनरल) एसके अहीरवार ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। ऐसे होगी ऑनलाइन बुकिंग: पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) से कन्फर्म व आरएसी का टिकट लेने वाले यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी। यात्रियों को वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। यात्री रिटायरिंग रूम की बुकिंग के लिए पीएनआर नंबर फीड करेगा। सिस्टम उस पीएनआर का सत्यापन कर बुकिंग की अनुमति देगा। आईआरसीटीसी की बेवसाइट पर टिकट बुकिंग की तरह ऑनलाइन भुगतान करना होगा।

बुकिंग निरस्त करवाने पर कटेंगे पैसे: रिटायरिंग रूम की ऑनलाइन बुकिंग के समय सभी रूम बुक होंगे तो यात्री को वेटिंग नंबर दिया जाएगा। यदि कोई यात्री रिजर्वेशन टिकट निरस्त करवाएगा तो रिटायरिंग रूम की बुकिंग भी स्वत:: निरस्त हो जाएगी। ऐसे मामलों में रेलवे कैंसिलेशन चार्ज काटकर शेष राशि ऑनलाइन सिस्टम से ही लौटा देगा। रिटायरिंग रूम में ठहरने की तारीख से 48 घंटे पहले बुकिंग निरस्त करवाने पर 10 प्रतिशत, इससे कम समय पर 50 प्रतिशत चार्ज वसूला जाएगा। बुकिंग की तारीख के दिन ही निरस्त करवाने पर किसी तरह का रिफंड नहीं मिलेगा। इन स्टेशनों पर सुविधा: उत्तर- पश्चिम रेलवे जोन के जोधपुर, जयपुर, अजमेर, बीकानेर, आबूरोड, उदयपुर, जैसलमेर व अलवर सहित 26 स्टेशनों पर रिटायरिंग रूम की सुविधा मौजूद है।