Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 06, 2013 - 20:00:18 PM


Title - death in railway crossing - रेलवे की कोशिशें नाकाम, क्रासिंग पर गई दो की जान
Posted by : puneetmafia on Aug 06, 2013 - 20:00:18 PM

जरा सी चूक ने दो किसानों की जान ले ली। काकोरी में किसान बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। जबकि, बंथरा में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस के मुताबिक, काकोरी क्षेत्र के भवानीखेड़ा निवासी किसान कमलेश कुमार का इकलौता बेटा लवकुश यादव (22) रविवार शाम मजदूरी कर बाइक से ससुराल जा रहा था।

रास्ते में कुसमौरा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर वह पैदल ही बाइक लेकर निकलने लगा। इस दौरान ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां देर रात दो बजे उसने दम तोड़ दिया। चचेरे भाई आशुतोष के मुताबिक, लवकुश की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी।

उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी मीरा गश खाकर गिर पड़ी। घरवाले व पड़ोसी उसको संभालने में लगे थे। वहीं, मां चंद्रावती बेटे के शव को सीने से लिपटाकर रोए जा रही थीं।

उधर, पिता कमलेश कुमार का भी रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, बंथरा के त्रिलोचनखेड़ा निवासी व मजदूर राजाराम (52) रविवार रात किसी काम से घर से निकला था।

काफी देर तक न लौटने पर घरवालों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार को लोगों ने गांव के बाहर रेलवे लाइन पर उसका शव देखकर घरवालों को इसकी जानकारी दी। राजाराम की मौत से पत्नी राजरानी बदहवास हो गई।