Indian Railways News => Topic started by railgenie on Apr 09, 2013 - 08:00:11 AM


Title - facebook page indian railway - फेसबुक के सहारे अब जनता के और करीब होगी भारतीय रेल
Posted by : railgenie on Apr 09, 2013 - 08:00:11 AM

बिलासपुर.  सोशल मीडिया के असर ने भारतीय रेल को भी प्रभावित किया है। शायद यही वजह है कि अब रेलवे भी इससे जुड़ने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे जोनों को फेसबुक पर अपना प्रोफाइल बनाने के लिए कहा है।    ये प्रोफाइल शिकायतें दर्ज करने या जानने के लिए नहीं, बल्कि जोन की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने के लिए होगा। हर जोन का अपना अलग प्रोफाइल होगा। इसमें जनता के लिए जरूरी जानकारियां भी दी जाएंगी।   फेसबुक की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनय मित्तल ने एसईसीआर सहित सभी जोन के जीएम को फेसबुक में प्रोफाइल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

सभी जोनल रेलवे बनाएं अपना फेसबुक पेज

चेयरमैन ने कहा है, सरकारी विभागों में भी सोशल मीडिया की उपयोगिता बढ़ी है। दूसरे सरकारी विभाग अपनी नीतियों एवं कार्यो को लोगों तक पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। इसे देखते हुए जरूरी है कि सभी जोनल रेलवे अपना फेसबुक पेज बनाएं और उसे मेंटेन भी करें।

फेसबुक का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें और जनता तक पहुंचाई जाने वाली जानकारियां लगातार अपडेट करें। यह यात्रियों तक पहुंचने का सशक्त जरिया होगा, साथ ही जनता का पक्ष भी जाना जा सकेगा। उन्होंने महाप्रबंधकों को इसमें व्यक्तिगत रुचि लेने के लिए कहा है।
एसईसीआर ने बनाया प्रोफाइल

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने फेसबुक में अपना पेज तैयार कर लिया है और इसे लगातार अपडेट भी किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने इस पेज पर जोन के खूबसूरत रेलवे स्टेशनों की फोटो से लेकर फाटक पार करते समय रखी जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी है। रेल प्रशासन की तैयारी है कि आने वाले दिनों में नई ट्रेनों की घोषणा के अलावा स्पेशल कोच व अन्य छोटे-बड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी समय रहते दी जाएगी, ताकि पेज उपयोगी और लोकप्रिय साबित हो।
..इसलिए पड़ी जरूरत

सोशल मीडिया में युवाओं का रुझान तेजी से बड़ा है। सरकारी और निजी संस्थाएं युवाओं के बीच पहुंचने के लिए फेसबुक का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो प्रभावी भी हैं। वे किसी सेवा या सामाजिक मुद्दे पर उनकी राय अहम मानी जाती है। ऐसे में भारतीय रेल भी पीछे नहीं रहना चाहता। फेसबुक के हिसाब से देश में 7 करोड़ से ज्यादा लोगों ने अपना प्रोफाइल बनाया है। इनमें से 6 करोड़ 34 लाख एकाउंट होल्डर लगातार उपयोग कर रहे हैं।
यह सब मिलेगा

रेलवे स्टेशन वाली खूबसूरत पर्यटन स्थलों की जानकारी, तस्वीरें
ट्रेनों में सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी

नई ट्रेनों की घोषणा

स्पेशल कोच
ट्रेनों की लेटलतीफी
शेड्यूल में बदलाव

पेज शिकायती नहीं

चेयरमैन विनय मित्तल स्पष्ट किया है कि फेसबुक का पेज शिकायती नहीं होगा। इसका आशय यह नहीं है कि आम जनता अपनी मंशा जाहिर नहीं कर सकती। हर कोई रेलवे द्वारा अपडेट जानकारी पर अपना कमेंट्स तो देंगे, लेकिन रेल प्रशासन इन्हें शिकायत के रूप में नहीं लेगा। रेलवे के जानकार कहते हैं कि पेज के शिकायती नहीं होने का आशय यह भी नहीं है कि आम लोगों से मिले कमेंट्स पर कोई रिएक्शन नहीं होगा।