Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on May 10, 2013 - 16:00:22 PM


Title - railway bribery bjp gave proof to cbi - बंसल के खिलाफ भाजपा ने सीबीआई को सौंपे सुबूत
Posted by : riteshexpert on May 10, 2013 - 16:00:22 PM

रेल मंत्री पवन बंसल को बर्खास्त करने की मांग पर मैदान में डटी भाजपा ने अब उनके खिलाफ सुबूतों का पुलिंदा सीबीआई को सौंप दिया है।

पार्टी का दावा है कि रिश्वत कांड में गिरफ्तार बंसल के भांजे विजय सिंगला के साथ उनके पुत्र और भतीजे के कारोबारी रिश्ते हैं।

भाजपा की ओर से आरटीआई की कमान थामने वाले पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने बृहस्पतिवार शाम सीबीआई के अफसरों को सुबूतों से संबंधित कागजात सौंपे।

सोमैया का आरोप है कि बंसल के पुत्र अमित कुमार बंसल और भतीजे विक्रम बंसल के विजय सिंगला के साथ करोबारी रिश्तों के ढेरों सुबूत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कई कंपनियां हैं, जिनमें ये तीनों साथ हैं।

भाजपा नेता ने जो सुबूत सौंपे हैं उनके अनुसार जेटीएल कंपनी में सिंगला और विक्रम बंसल शेयर धारक, निदेशक व हिस्सेदार हैं। बंसी रॉंक एनर्जी ग्रुप में विक्रम बंसल और अमित बंसल साझेदार हैं। इस तरह की और भी कई कंपनियां हैं। सीबीआई को सौंपे कागजातों में सोमैया ने सुबूत भी पेश किए हैं।

उधर, भाजपा ने रेल मंत्री के साथ ही कानून मंत्री अश्वनी कुमार को भी मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग की है।

पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि यदि कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो जनता खुद ही धक्के मारकर निकाल बाहर कर देगी।

उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों के खिलाफ भाजपा जल्दी ही देशव्यापी आंदोलन करेगी। प्रधानमंत्री मिस्टर क्लीन की भूमिका में आए थे, लेकिन अब वे भ्रष्टाचारियों की बारात लेकर चल रहे हैं।