Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 19, 2013 - 17:57:57 PM


Title - Railway: रविवार को रात 10 बजे तक होगा रिजर्वेशन, पकड़ी जाएगी टीटी की चालाकी
Posted by : eabhi200k on Aug 19, 2013 - 17:57:57 PM

बिलासपुर। जोन के चीफ कमर्शियल मैनेजर (सीसीएम) की योजना पर अमल किया गया तो आने वाले समय में रिजर्वेशन काउंटर रविवार को भी रात 10 बजे तक खुले रहेंगे। सीसीएम ने सभी डिवीजन के सीनियर डीसीएम को नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जोन के 6 रेलवे स्टेशन में लागू होगी।
चीफ कमर्शियल मैनेजर प्रकाश राव वाजलवार ने शनिवार को बिलासपुर, रायपुर और नागपुर डिवीजन के सीनियर डीसीएम सहित कमर्शियल इंस्पेक्टरों की बैठक ली। बैठक में आय बढ़ाने पर चर्चा हुई। आम लोगों से जुड़े मसले की बात करें तो सीसीएम ने रिजर्वेशन का समय बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने मौजूद अफसरों को बताया कि सेंट्रल रेलवे में रविवार को सेकेंड हाफ में रिजर्वेशन काउंटर खोला जा रहा है और इसका अच्छे परिणाम भी आए हैं। उन्होंने डिवीजन के अफसरों को निर्देशित किया है कि वे चुनिंदा स्टेशनों में ऐसी सुविधा देने की योजना पर काम करें। गौरतलब है कि वर्तमान में रविवार को रिजर्वेशन काउंटर दोपहर 2 बजे तक ही खुले रहते हैं। सीसीएम की योजना पर अमल हुआ तो इस दिन भी रात 10 बजे तक रिजर्वेशन हो सकेगा।
6 स्टेशनों में मिलेगी सुविधा:रविवार को सेकेंड टाइम में भी रिजर्वेशन काउंटर खुला रखने पर अमल किया गया तो यह सुविधा जोन के 6 स्टेशनों में सबसे पहले लागू होगी। दरअसल ये वो स्टेशन हैं, जहां पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर रात 10 बजे तक रिजर्वेशन की सुविधा दी गई है। इस सूची में बिलासपुर डिवीजन के बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर डिवीजन के रायपुर, दुर्ग और नागपुर डिवीजन के गोंदिया, इतवारी स्टेशन शामिल हैं। रात 10 बजे तक रिजर्वेशन की सुविधा भी सीसीएम के निर्देश पर मिली है।
थंब मशीन पकड़ेगी टीटीई की चालाकी
सीसीएम को इस बात की शिकायत मिली थी कि टीटीई रिकार्ड में उपस्थिति तो दर्ज करते हैं, लेकिन लाइन ड्यूटी पर जाते ही नहीं। ऐसी गड़बडिय़ों पर रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशनों में थंब इंप्रेशन मशीन लगाने की योजना है। पहले चरण में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और गोंदिया स्टेशन में मशीन लगाए जाएंगे। इसका फायदा यह होगा कि टीटीई ड्यूटी ऑन होने वाले स्टेशन के अलावा डयूटी खत्म होने वाले स्टेशन में भी थंब मशीन का उपयोग करेंगे। इससे साबित होगा कि संबंधित टीटीई लाइन ड्यूटी पर रहा या नहीं।