Indian Railways News => Topic started by railgenie on Aug 04, 2013 - 11:59:13 AM


Title - अंबाला-दिल्ली एक्सप्रेस दौड़ेगी पटरी पर
Posted by : railgenie on Aug 04, 2013 - 11:59:13 AM

केंद्रीय मंत्री सैलजा की तरफ से यमुनानगर के लोगों को एक और सौगात मिलने जा रही है। उनके प्रयास से अंबाला-दिल्ली एक्सप्रेस वाया यमुनानगर एक नई ट्रेन शुरू हो रही है। 9 अगस्त को सैलजा इस ट्रेन को हरी झंडी देंगी। उस दिन वह ट्रेन में अंबाला से सवार होकर यमुनानगर भी आएंगी।
ट्रेन प्रतिदिन सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर अंबाला से चलेगी और दिल्ली से यह एक बजकर 40 मिनट पर अंबाला के लिए वापस होगी। इस ट्रेन को चलाने के लिए पिछले चार साल से मांग की जा रही थी। ट्रेन के चलने से आम आदमी के अलावा सबसे ज्यादा फायदा व्यापारी वर्ग को होगा, क्योंकि यहां से हर रोज व्यापार के सिलसिले में व्यापारी दिल्ली जाते हैं।
एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान अनिल गोयल व रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के अंबाला मंडल केसदस्य राजेंद्र चिटकारा ने बताया कि वह पिछले चार साल से अंबाला-दिल्ली वाया जगाधरी रूट पर नई एक्सप्रेस गाड़ी चलाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के प्रयास से अब उनकी यह मांग पूरी हो गई है।
कुमारी सैलजा जगाधरी स्टेशन के साथ यमुनानगर का नाम जोड़े जाने के लिए प्रयासरत हैं। उनकी यह मांग भी जल्द ही सिरे चढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि स्टेशन का नाम जगाधरी होने की वजह से कई सवारियों को कई बार बड़ी समस्या आती है। वह यमुनानगर और जगाधरी के चक्कर में उलझकर या तो अंबाला पहुंच जाते हैं या फिर किसी अन्य स्टेशन पर उतर जाते हैं।
मांगों से डीआरएम को अवगत कराया
जगाधरी स्टेशन पर इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस, अकाल तख्त एक्सप्रेस व जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस का ठहराव किया जाए। प्लेट फॉर्म नंबर एक का विस्तार करते हुए उसे अंबाला वाली साइड़ में बढ़ाया जाए। रेलवे स्टेशन का नाम जगाधरी-यमुनानगर किया जाए। प्लेट फॉर्म नंबर एक व दो पर पूरी, रोटी, कुलचे आदि खाने की चीजों की व्यवस्था की जाए। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर वाटर कूलर लगाया जाए और वर्तमान वाटर कूलर का स्थान बदलकर उसे उचित स्थान पर लगाया जाए। स्वचालित सीढ़ियों का प्रावधान किया जाए, ताकि बुजुर्ग तथा असहाय व्यक्ति सुगमता से आ जा सकें। प्लेटफॉर्म पर शुलभ शौचालयों का निर्माण करवाया जाए। गाड़ी के डिब्बों के क्रम 1, 2, 3 आदि प्लेट फॉर्म पर अंकित किए जाएं, ताकि यात्रियों को डिब्बों की सही जानकारी मिल सके। अग्रसेन चौंक से स्टेशन को जाने वाले रास्ते से अतिक्रमण हटाया जाए। नए रेलवे पुल के पास से एक अन उपयोगी बिल्डिंग को गिराया जाए ताकि वहां कोई अनैतिक कार्य न हो।