Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Apr 22, 2013 - 15:00:03 PM


Title - अब इलेक्ट्रानिक डिस्प्ले से आरक्षण की जानकारी
Posted by : RailXpert on Apr 22, 2013 - 15:00:03 PM

मुगलसराय(चंदौली) : रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को जंक्शन के मुसाफिर खाने में इलेक्ट्रानिक केंद्रीय आरक्षण सूची डिस्प्ले बोर्ड लगाकर इसका शुभारम्भ किया गया। इस प्रणाली के शुरू हो जाने से रेल यात्रियों को अपने आरक्षण की स्थिति जानने में काफी सहूलियत मिलेगी।

यह नई प्रणाली हाजीपुर जोन के पांचों मंडलों में पहली बार स्थानीय मंडल में चालू किया गया है। पहले रेल यात्रियों को अपने आरक्षण की जानकारी लेने के लिए चार्ट देखना पड़ता था। वहीं अगर आरक्षण चार्ट फट गया या जिस बोर्ड पर लगाया गया है वहां से गायब हो गया तो फिर यात्रियों को यहां-वहां भटकना पड़ता था। वहीं इस नई प्रणाली के शुरू हो जाने से इन दिक्कतों से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इसमें कुल छह एलसीडी की बड़ी-बड़ी टीवी लगाई गई हैं। इनमें एक साथ कुल छह ट्रेनों की जानकारी उपलब्ध होगी और 10 सेकेंड के बाद पुन: दूसरे ट्रेन की जानकारी डिस्प्ले पर आ जाएगी। इस तरह हर 10 सेकेंड के बाद एक नई ट्रेन के आरक्षण की स्थिति यह डिस्प्ले बताएगी। इसमें कुल तीन तरह के सिग्नल बने हुए हैं। लाल, हरा, पीला जिसके अनुसार बर्थ की स्थिति पता चलेगी।

इस संबंध में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशीष कुमार झा ने बताया कि पहले आरक्षण चार्ट को विभिन्न निर्धारित जगहों पर लगा दिया जाता था। लेकिन कुछ ही देर बाद या तो चार्ट फट जाते थे या गायब हो जाते थे या फिर चार्ट लगाने वाला कर्मचारी अपने कार्य को सही ढंग से अंजाम नहीं देते थे। इससे काफी परेशानियां यात्रियों को झेलनी पड़ती थी। लेकिन अब उम्मीद है कि यात्रियों को इस व्यवस्था से जरूर कुछ राहत होगी। उन्होंने बताया कि इसके सही संचालन के लिए आरक्षण कार्यालय के कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जा रही है।