Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Jul 08, 2013 - 20:00:06 PM


Title - अब रेल यात्रा के दौरान मिल सकेगा पिज़्ज़ा और पास्ता
Posted by : AllIsWell on Jul 08, 2013 - 20:00:06 PM

नई दिल्ली।। ट्रेन यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। अब ट्रेन में सवार होने से पहले इंटरनेट के जरिए अपने लिए पिज़्ज़ा या पास्ता बुक कराने पर उन्हें यात्रा के दौरान उनकी सीट पर उनका ऑर्डर मिल जाएगा।

रेल मंत्रालय ने दिल्ली-जम्मू और दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर चुनिंदा रेलगाड़ियों में इंटरनेट के जरिए खाना बुक कराने की सुविधा देने के लिए पायलट प्रॉजेक्ट शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रॉजेक्ट में शामिल रेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, 'हम यात्रियों को कई प्रकार का भोजन मुहैया कराने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए हम जल्द ही कुछ लोकप्रिय फूड चेनों के साथ मिलकर इस पर काम शुरू करेंगे।'

प्रस्ताव के अनुसार यात्री इंटरनेट बुकिंग साइट पर अपना नाम, कोच और सीट नंबर देकर अपने लिए भोजन बुक करा सकेंगे और उनका भोजन एक निश्चित स्टेशन पर उन्हें उनकी सीट पर मुहैया करा दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि भुगतान भोजन मिलने के बाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा, 'बिरयानी, पिज़्ज़ा, पास्ता, बर्गर और सैंडविच सहित खाने की कई ऐसी वस्तुएं बुक कराई जा सकेंगी जो ट्रेनों में उपलब्ध नहीं होती हैं।' हालांकि अधिकारी ने साफ किया कि राजधानी, दुरंतो और शताब्दी ट्रेनों के किराए में भोजन की व्यवस्था होती है इसलिए इन रेलगाड़ियों के लिए यह सेवा उपलब्ध नहीं होगी। इस बारे में क्रिस और आईआरसीटीसी के अधिकारियों की पिछले हफ्ते रेलभवन में बैठक हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि इस बारे में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा कि इसके लिए नई साइट बनाई जाए या आईआरसीटीसी की मौजूदा बुकिंग साइट पर ही अलग से एक लिंक मुहैया कराया जाए। इसके लिए बोली प्रक्रिया के जरिए खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाली एजेंसी का चयन किया जाएगा।