Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Aug 02, 2013 - 15:02:15 PM


Title - अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस पर पथराव
Posted by : AllIsWell on Aug 02, 2013 - 15:02:15 PM

अमृतसर-हावड़ा डुप्लीकेट एक्सप्रेस पर फतेहगंज पूर्वी के बिलपुर स्टेशन के पास खुराफातियों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से ट्रेन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में चालक को निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां हालत गंभीर बनी है।
घटना गुरुवार सुबह करीब पांच बजे की है। ट्रेन मुरादाबाद से चलकर वाया चंदौसी व चनेहटी होकर गुजर रही थी। जब ट्रेन बिलपुर रेलवे स्टेशन के आगे पहुंची तो अराजक तत्वों ने उस पर पथराव कर दिया। इसमें ट्रेन चालक धनंजय यादव के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मुरादाबाद कंट्रोल रूम को दी गई। वहां से बरेली जंक्शन व शाहजहांपुर जंक्शन को अवगत कराया गया। घायल चालक को ट्रेन से पहले शाहजहांपुर लाया गया। वहां से आनन-फानन में बरेली स्थित निजी मेडिकल रेफर कर दिया गया। मूल रूप से औरंगाबाद, बिहार निवासी धनंजय यादव रोजा स्टेशन के लोको पायलट हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सिर में गंभीर चोट आई है। गौरतलब एक सप्ताह में ट्रेन पर पथराव की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 25 जुलाई को राज्यरानी एक्सप्रेस पर मुरादाबाद के आगे कटघर के पास पथराव हुआ था जिसमें चालक दिनेश कुमार शर्मा घायल हुए थे।