Indian Railways News => Topic started by Mafia on Apr 27, 2013 - 03:00:24 AM


Title - आज से चलेगी छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन
Posted by : Mafia on Apr 27, 2013 - 03:00:24 AM

जागरण संवाददाता, (कुशीनगर) : रेल बजट 2010-11 में स्वीकृत छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन आज से चलेगी। गृह राज्य मंत्री कुंवर आरपीएन सिंह की पहल पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनय मित्तल ने इसके लिए हरी झण्डी दे दी है। शुरूआत मे यह ट्रेन सप्ताह में सिर्फ एक दिन शनिवार को चलेगी जबकि दो माह बाद ट्रेन का नियमित संचालन सप्ताह में तीन बार होगा।
गौरतलब है कि सदर सांसद व गृह राज्य मंत्री श्री सिंह द्वारा छपरा बायां मसरख, थावे, पडरौना व कप्तानगंज के रास्ते लखनऊ के लिए ट्रेन चलाए जाने की मांग की गई थी। जिसे रेल बजट 2010-11 में स्वीकृति भी मिली थी। लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते इस ट्रेन का संचलन नहीं हो सका।
यूपी व बिहार के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गृह राज्य मंत्री श्री सिंह ने बीते 10 मई, 2012 को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनय मित्तल को पत्र लिख स्वीकृत इस ट्रेन को चलाए जाने की मांग की। मंत्री श्री सिंह की मांग पर बीते मार्च में रेलवे बोर्ड की टीम ने कप्तानगंज - थावे रूट का निरीक्षण कर अपना रिपोर्ट बोर्ड को सौंप दिया था।
रिपोर्ट मिलने बाद रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री मित्तल ने इस रूट पर एक्सप्रेस ट्रेन संचालित किए जाने के लिए हरी झण्डी दे दी। फिलहाल रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन को सप्ताह में एक दिन ही शनिवार को संचालित किए जाने का निर्देश दिया है, जो छपरा से सिवान, थावे, तमकुहीराज, पडरौना, कप्तानगंज होते हुए लखनऊ तक जाएगी और रविवार को लखनऊ से चलकर वापस छपरा तक आएगी।
दो माह तक तकनीकी दिक्कत उत्पन्न न होने पर बोर्ड ने ट्रेन का संचालन सप्ताह में तीन दिन करने का निर्देश भी दिया है।
गृह राज्य मंत्री की पहल पर हुए इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कांग्रेस के मीडिया प्रभारी शमशेर मल्ल कहते हैं कि एक्सप्रेस ट्रेन में साधारण यान के 6, शयनयान के 5, एसी 3 टियर के 1, एसएलआर व एसएलआरडी के 2 समेत कुल 14 यान होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इसके अलावा दो एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट परिवर्तित कर कप्तानगंज-थावे रूट पर चलाए जाने का प्रयास चल रहा है।