Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jul 23, 2013 - 18:00:14 PM


Title - आरक्षण केंद्र में मोबाइल बैन, मजदूर संघ ने किया विरोध
Posted by : irmafia on Jul 23, 2013 - 18:00:14 PM

पलपल इंडिया संवाददाता, जबलपुर. रेल आरक्षण केंद्रों में पदस्थ कर्मचारियों के मोबाइल प्रतिबिंधित किए जाने पर कर्मचारियों में व्यापक प्रतिक्रिया है. आरक्षण में दलाली प्रथा बंद करने के लिए लिए गए इस निर्णय का मजदूर संघ ने विरोध किया है. जबलपुर में पिछले दिनों यह आदेश डीआरएम की ओर से जारी हुआ जिसमें सभी आरक्षण करने वाले कर्मियों को ड्यूटी पर आते ही अपने मोबाइल फोन जमा कराने होंगे जिन्हें वापस जाने उन्हें दे दिया जाएगा.
रेल अधिकारी यात्रियों की सुविधा के लिए इस कारगर मान रहे हैं, माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से बुकिंग क्लर्क काम के समय किसी से बात नहीं कर सकेंगे जिससे समय की बर्बादी के साथ ही टिकिटों की दलाली पर भी रोक लगेगी. पिछले दिनों रेलवे बोर्ड ने इस आशय के आदेश जारी किए थे जिसके पालन में जबलपुर में भी इसे लागू किया गया है. सभी बुकिंग क्लर्क को अपने मोबाइल मुख्य आरक्षण अधिकारी के पास जमा कराने का निर्देश दिया गया है.

इस नई व्यवस्था का रेल मजदूर संघ ने विरोध किया है, संघ के मंडल सचिव एस.के. वर्मा का कहना है कि यदि मोबाइल फोन पर रोक लगानी है तो सभी विभागों में इसे लागू करना चाहिए सिर्फ आरक्षण केंद्र में ऐसा करना गलत है. संघ ने इसे तुगलकी फरमान बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने की तैयारी की है यदि उसमें कोई हल नहीं निकलता तो आंदोलन करने की बात की जा रही है.
इनका कहना है
टिकिटों की दलाली को रोकने रेलवे बोर्ड ने सख्त रवैया अपनाया है, तत्काल टिकिट के नियमों को बदलने के साथ ही अब कर्मचारियों की ओर से इसकी संभावना खत्म करने बुकिंग र्क्लक पर ध्यान केंद्रित किया गया है. ऐसे प्रकरण भी सामने आए हैं कि दलाल मोबाइल फोन के माध्यम से कर्मचारियों से बात कर टिकिट बुक कराते हैं इस संभावना को समाप्त करने के लिए यह निर्णय लिया गया है. इससे समय की बचत के साथ ही काम में पारदर्शिता आएगी तथा यात्रियों को लाभ मिलेगा. जबलपुर डिवीजन में इस आदेश का सख्ती से लागू किया गया है जो कर्मचारी इसका पालन नहीं करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी.
राजेश शर्मा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक
जबलपुर रेल मंडल