Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Jun 15, 2013 - 00:01:10 AM


Title - इलाहाबाद: जंक्शन पर घंटेभर ध्वस्त रहा ट्रेन संचालन
Posted by : railenquiry on Jun 15, 2013 - 00:01:10 AM

इलाहाबाद। इलाहाबाद जंक्शन पर बृहस्पतिवार की रात घंटेभर ट्रेनों का संचालन ध्वस्त रहा। जंक्शन के दिल्ली क्षोर के चार प्वाइंट एक साथ फेल हो जाने से पूरी सिगनल प्रणाली ठप पड़ गई। इससे स्टेशन पर ट्रेनों का आना-जाना बंद हो गया। इसके कारण प्रयागराज एक्सप्रेस, रीवांचल, चौरीचौरा एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस, सरयू एक्सप्रेस, बांबे मेल, डीलक्स एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत करीब दर्जनभर ट्रेनें इधर से उधर रोकनी पड़ीं। चारों ओर ट्रेनों की कतार लग जाने का असर प्रयाग स्टेशन पर भी पड़ा। गुस्साए यात्रियों ने हंगामा काटा और डिप्टी एसएस को बंधक बना लिया। काफी मशक्कत के बाद यात्री पीछे हटे। बताते हैं कि रात करीब साढ़े आठ बजे इलाहाबाद जंक्शन की सिगनल प्रणाली पूरी तरह बैठ गई। इसके कारण ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा। बताया गया कि जंक्शन का पैनल सिस्टम फेल हो गया है। इससे नैनी, प्रयाग, रामबाग और सूबेदारगंज की ओर से आने वाली ट्रेनों को आउटर पर ही रोक दिया गया। साथ ही जंक्शन के विभिन्न प्लेटफार्मों पर खड़ी ट्रेनों को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। काफी मशक्कत के बाद घंटेभर बाद रात 9.34 बजे खराबी को दुरुस्त किया जा सका। इस गड़बड़ी के कारण प्रयागराज एक्सप्रेस को यार्ड से प्लेटफार्म पर लाना मुश्किल हो गया। सरयू एक्सप्रेस, जौनपुर पैसेंजर, कामायनी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें विभिन्न प्लेटफार्मों पर खड़ी रहीं। इसके कारण सरयू एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से रात 9.55 बजे छूटी।

जंक्शन से शाम 5.15 बजे छूटने वाली जौनपुर पैसेंजर बृहस्पतिवार को रात 12 बजे तक रवाना नहीं हो सकी। इसके कारण ट्रेन का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर चला गया। ड्राइवर ने ड्यूटी पूरी होने की बात कहकर गाड़ी छोड़ दी। इसे लेकर यात्रियों ने जंक्शन पर जमकर हंगामा भी किया। बताते हैं कि सिगनल फेल होने के कारण रात 11.30 बजे तक डीजल शेड से ट्रेन का इंजन भी नहीं पहुंच सका।