Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Jul 23, 2013 - 15:00:06 PM


Title - इस होली-डे स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार सुन चौंक जाएंगे आप
Posted by : ConfirmTicket on Jul 23, 2013 - 15:00:06 PM

अब तक होली-डे स्पेशल के रूप में चल रही जयपुर-अलवर-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को नियमित कर दी गई। जयपुर जंक्शन पर सांसद महेश जोशी और विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने नियमित ट्रेन को हरी झड़ी दिखाकर रवाना किया। नियमित संचालन प्रारंभ करते समय ट्रेन के समय की खामी को नहीं सुधारा गया।



ट्रेन को जंक्शन से गांधीनगर स्टेशन जाने में 10 मिनट लगते हैं, जबकि गांधीनगर से जंक्शन की करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय करने में 50 मिनट लग जाते हैं। गांधीनगर में ट्रेन का ठहराव दो मिनट का है। यही स्थिति राजगढ़ से अलवर के बीच है। जयपुर से चली यह ट्रेन राजगढ़ से अलवर 1 घंटा 9 मिनट में पहुंचती है। वापसी के दौरान अलवर से राजगढ़ स्टेशन तक केवल 27 मिनट में पहुंच जाती है। यहां भी 2 मिनट का ही ठहराव है।



ऐसा क्यों?

प्लेटफॉर्म नहीं मिलता खाली

जयपुर स्टेशन पर प्लेटफार्मों की कमी है। अलवर से गांधीनगर स्टेशन पर आने के बाद ट्रेन को जंक्शन पर प्लेटफॉर्म खाली नहीं मिलता। इस कारण गांधीनगर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव 2 मिनट होने के बावजूद करीब 40 मिनट खड़ा रखा जाता है। अगर यहां से निकल जाए तो यह ट्रेन आउटर पर सिविल लाइंस फाटक पर खड़ी कर दी जाती है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन का टाइम टेबल दूसरी अन्य ट्रेनों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाता है। इसका टाइम टेबल भी पहले से ही निर्धारित है।


यह है ट्रेन का शिड्यूल

जयपुर से सुबह 9:55 बजे रवाना होने के बाद गांधीनगर स्टेशन पर सुबह 10:05 बजे, गैटोर जगतपुरा 10:14 बजे, खातीपुरा 10:24 बजे, बस्सी 10:38 बजे, दौसा 11:00 बजे, बांदीकुई 11:25 बजे, बसवा 11:39 बजे, राजगढ़ 11:51 बजे और अलवर दोपहर 1:00 बजे पहुंचती है। वापसी में अलवर से दोपहर 2:25 बजे रवाना होने के बाद राजगढ़ 2:52 बजे, बसवा 3:09 बजे, बांदीकुई 3:25 बजे, दौसा 3:52 बजे, बस्सी 4:17 बजे, खातीपुरा 4:33 बजे, गैटोर जगतपुरा 4:50 बजे, गांधीनगर शाम 5:05 बजे और जयपुर जंक्शन पर शाम 5:55 बजे पहुंचती है।


अन्य ट्रेनों की भी यही है स्थिति

जयपुर-दिल्ली डबल डेकर ट्रेन जंक्शन से गांधीनगर स्टेशन 8 मिनट में पहुंचती है, जबकि गांधीनगर स्टेशन से जंक्शन पहुंचने में 24 मिनट लग जाते हैं। पूजा एक्सप्रेस और आगरा फोर्ट-अजमेर शताब्दी एक्सप्रेस जयपुर जंक्शन से गांधीनगर 8 मिनट में पहुंचती है, वापसी में 25 मिनट लगते हैं।


जयपुर-अलवर होली-डे स्पेशल ट्रेन अब नियमित

ट्रेन के उद्घाटन के मौके पर सांसद महेश जोशी और विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को काफी फायदा होगा। जयपुर को लगातार ट्रेनें मिलना जयपुर के विकास का दर्शाता है। इस मौके पर डीआरएम वीरेंद्र कुमार, एडीआरएम रविलेश कुमार और सीनियर डीसीएम रत्नेश कुमार झा, स्टेशन अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद थे।