Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jun 10, 2013 - 20:01:34 PM


Title - उठ रहा है बार-बार सवाल, कैसे पटरी पर लौटेगी डबल डेकर, आज होगा फैसला
Posted by : eabhi200k on Jun 10, 2013 - 20:01:34 PM

इंदौर। इंदौर से हबीबगंज के बीच चलाई जाने वाली डबल डेकर ट्रेन कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) से हरी झंडी मिलने के इंतजार में अटकी है। सीआरएस द्वारा मेंटेनेंस संबंधी पूछे सवालों का जवाब देने की तैयारी भोपाल रेल मंडल कर रहा है। इसी के तहत सोमवार को डबल डेकर ट्रेन के कोचों को उठाकर देखा जाएगा कि मेंटेनेंस का कार्य कैसे किया जाएगा।

गौरतलब है कि मध्य सर्कल मुंबई के कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) चेतन बख्शी द्वारा डबल डेकर ट्रेन के एलएचवी यानी अत्याधुनिक तकनीक के कोचों के मेंटेनेंस को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके मद्देनजर डबल डेकर के दो कोचों को एक इंजन सहित भोपाल रेलवे स्टेशन के मेंटेनेंस शेड में पहुंचाया है।

हबीबगंज में नहीं है सुविधा- हबीबगंज के कोचिंग डिपो में डबल डेकर ट्रेन के कोचों को ऊपर उठाकर देखने की सुविधा नहीं है। इसलिए सोमवार को मेंटेनेंस शेड में कोचों को उठाकर देखा जाएगा। इसमें अधिकारी व टेक्नीशियन देखेंगे कि यदि कोई बड़ी समस्या आई तो कोचों का मेंटेनेंस भोपाल में हो सकेगा या नहीं।

चार जैक का इंतजाम

भोपाल के मेंटेनेंस शेड में कोचों को उठाने के लिए एक साथ चार जैक व क्रेन की सुविधा है। इन सुविधाओं के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मेंटेनेंस के लिए होने वाली औपचारिकताएं पूरी कर सीआरएस को रिपोर्ट भेजी जाएगी। पश्चिम-मध्य रेलवे के चीफ ब्रिज इंजीनियर आरएन सुनकर का कहना है कि हम जल्द से जल्द रिपोर्ट  सीआरएस को भेज देंगे।