Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Aug 01, 2012 - 00:00:29 AM


Title - उत्तरी ग्रिड के फेल हो जाने से घंटों ठप रही रेल सेवा
Posted by : RailXpert on Aug 01, 2012 - 00:00:29 AM

नई दिल्ली. उत्तरी ग्रिड के फेल हो जाने से रेल सेवा भी बुरी तरह से प्रभावित हो गई थी। बिजली गुल होते ही कई दर्जन रेलगाड़ियां जहां-तहां रुक गई थी। सबसे ज्यादा प्रभावित दिल्ली-हावड़ा रूट रहा। इस रूट पर करीब पांच दर्जन रेलगाड़ियों की सेवा प्रभावित हो गई थी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि 2.30 बजे से 7.00 बजे तक रेल सेवा पूरी तरह से ठप रही।

सुबह सात बजे के बाद आंशिक रूप से और सुबह आठ बजे के बाद रेल परिचालन पूरी तरह से बहाल हो सका। परिचालन प्रभावित होने की वजह से पांच दर्जन रेलगाड़ियां चार से बारह घंटे तक की देरी से चल रहीं हैं। प्रभावित रेलगाड़ियों में आधा दर्जन से अधिक राजधानी एक्सप्रेस गाड़ियां भी शामिल हैं। देरी से दिल्ली पहुंचने की वजह से करीब एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियों के दिल्ली से रवानगी के समय में दो से छह घंटे का परिवर्तन किया गया है।

वेबसाइट की सेवा भी थी बेहाल

अचानक से ठप हुई रेलसेवा का असर उत्तर रेलवे और आईआरसीटीसी के वेबसाइट पर भी देखने को मिला। रेलगाड़ियों की आवाजाही के समय के बारे में सटीक जानकारी लेने के लिए इन वेबसाइटों को हिट करने वालों की संख्या में काफी वृद्धि हो गई थी, जिसके चलते दोनों वेबसाइटें खोलने में लोगों को खासी दिक्कत हो रही थी। कई बार के प्रयास करने के बाद ही लोगो को जानकारी मिल पा रही थी। खास बात यह है कि सुबह करीब11 बजे तक वेबसाइटों की सेहत भी बिगड़ी रही।

पानी की आपूर्ति हुई प्रभावित

बिजली आपूर्ति न होने से लोगों को पानी के लिए भी जूझना पड़ा। सुबह से ही बिजली नहीं होने से दिल्ली जल बोर्ड का एक भी प्लांट सुचारू रूप से नहीं चल पाया। दिल्ली जल बोर्ड की प्रवक्ता संजम चीमा ने कहा कि बिजली न मिल पाने की वजह से पानी की सप्लाई में दिक्कत आई। सभी प्लांट बंद रहे। हालांकि प्लांट के पास एक दिन का बैकअप रहने की वजह से कुछ जगहों पर तो पानी की सप्लाई पहुंची लेकिन प्रेशर न होने की वजह से आस पास के मुहल्लों तक ही पानी पहुंच सका। कई जगहों पर ग्राउंड फ्लोर के घरों तक पानी की आपूर्ति की जा सकी लेकिन प्रेशर के अभाव में पूरी दिल्ली में पानी आपूर्ति नहीं हो पाई।