Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 09, 2013 - 05:59:14 AM


Title - काठगोदाम एक्सप्रेस से टकराई रोडवेज़ बस
Posted by : railenquiry on Aug 09, 2013 - 05:59:14 AM

देहरादून: रेलवे की भारी लापरवाही के चलते काठगोदाम एक्सप्रेस और रोडवेज बस की टक्कर हो गई। हादसा, तड़के करीब चार बजे हुआ। टक्कर लगने से बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे में बस चालक-परिचालक और 27 यात्रियों को चोटें आई। सभी को उपचार के बाद दूसरी बस से टनकपुर रवाना किया गया। घटना से ढाई घंटा रेल यातायात बंद रहा। सुबह करीब पांच बजे दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस भी सवा दो घंटा देरी से रवाना हुई। आरोपी गेटमैन के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, रेलवे प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच बैठा दी है। साथ ही, लापरवाही के आरोप में काठगोदाम एक्सप्रेस के चालक व सह-चालक को निलंबित कर दिया है। गेटमैन आशाराम की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गुरुवार तड़के चार बजे टनकपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके07पीए-0835) बुधवार रात अमृतसर से देहरादून होते हुए टनकपुर के लिए चली। बस में चालक और परिचालक के अलावा 27 यात्री थे। गुरुवार तड़के लगभग पौने चार बजे बस देहरादून आइएसबीटी पहुंची। लगभगपांच मिनट यहां रुककर बस टनकपुर जाने के लिए निकली। आइएसबीटी से कुछ दूर हरिद्वार बाइपास पर बस रेलवे फाटक नंबर 39-ए से गुजर रही थी कि तभी देहरादून आ रही काठगोदाम एक्सप्रेस ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। घटना के समय रेलवे फाटक खुला था। टक्कर लगते ही बस फाटक पर ही पलट गई और काठगोदाम एक्सप्रेस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक ली। हादसे में बस चालक-परिचालक समेत सभी यात्रियों को चोटें आई। सूचना मिलते ही पुलिस-जिला प्रशासन, रेलवे, रोडवेज के अधिकारी व 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बस में फंसे घायलों को निकाला व एंबुलेंस में उपचार दिया गया। इस दौरान बाइपास का ट्रैफिक भी जाम हो गया। बस पलटी होने से रेल यातायात भी जाम रहा।
प्राथमिक उपचार के बाद घायल यात्रियों को दूसरी बस से टनकपुर भेजा गया। वहीं साढ़े छह बजे बस को क्रेन से हटाकर रेल व सड़क का यातायात सुचारू किया गया। काठगोदाम एक्सप्रेस भी ढाई घंटे घटनास्थल पर ही खड़ी रही। उसके स्टेशन पहुंचने के बाद ही लगभग सवा दो घंटे की देरी से दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। वहीं, बस चालक नक्षत्र सिंह ने गेटमैन के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में जानलेवा लापरवाही और हादसे के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। वहीं, रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए काठगोदाम एक्सप्रेस के चालक रति राम और सह चालक एके ओझा को निलंबित किया गया है। मामले की उच्चस्तरीय जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।