Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on May 16, 2013 - 15:00:29 PM


Title - कालिंदी एक्सप्रेस में आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाये जाने की मांग
Posted by : eabhi200k on May 16, 2013 - 15:00:29 PM

मैनपुरी (भोगांव): नगर से गुजरती हुई कानपुर से दिल्ली होकर भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस में तहसील मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर मात्र 6 सीटें आरक्षित होने से नगर एवं क्षेत्रीय जनता में रोष व्याप्त है। क्षेत्रीय जनता ने रेलवे विभाग से नगर के रेलवे स्टेशन पर आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाकर दो गुनी किये जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि कई दशकों पूर्व तत्कालीन क्षेत्रीय सांसद सलमान खुर्शीद द्वारा फर्रूखाबाद लोकसभा क्षेत्र की जनता की बेहद मांग पर फर्रूखाबाद से दिल्ली के लिए कालिंदी एक्सप्रेस चलवाई गई थी। उस समय रेलवे विभाग के द्वारा नगर के रेलवे स्टेशन पर आधा दर्जन सीटें आरक्षित की जाने की सुविधा प्रदान की गई थी। कई दशक बीत जाने के पश्चात भी विभाग द्वारा इन आरक्षित सीटों में कोई भी इजाफा नहीं किया गया। यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर प्रदत्त मात्र 6 आरक्षित वर्ग की सीटें होने से उन्हें कभी खाली सीट नहीं मिल पाती हैं। इसीलिए उन्हें सामान्य कोच में ही बैठकर अथवा खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है।
रेल यात्रा करने वाले नगर निवासी राजीव भटनागर, राकेश गुप्ता, विनोद पांडेय, फैयाज खान, लाल मुहम्मद, हिमांशु यादव, विपिन शर्मा, सौरभ दुबे आदि ने रेलवे विभाग से नगर के रेलवे स्टेशन पर आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाये जाने की मांग की है।