Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Apr 01, 2013 - 18:00:07 PM


Title - खुली क्रासिंग से निकल गई अर्चना एक्सप्रेस
Posted by : puneetmafia on Apr 01, 2013 - 18:00:07 PM

-अचानक ट्रेन देख आया पसीना

- बाल-बाल बची टेपों सवार लोगों की जान

प्रतापगढ़ : शनिवार को दोपहर बाद जेल रोड स्थित रेलवे क्रासिंग खुली होने के दौरान अर्चना एक्सप्रेस निकल गई। खुली क्रासिंग से ट्रेन जाते देख लोगों के होश उड़ गए।

दोपहर बाद करीब ढाई बजे अर्चना एक्सप्रेस के क्रासिंग से जाने का समय हुआ। किन्हीं कारणों से क्रासिंग का बैरियर बंद नहीं हो सका। क्रासिंग न बंद होने से सवारी भरी टेंपो लेकर चालक लाइन पार करने लगा, लेकिन सामने ट्रेन आती देख टेंपो चालक के होश उड़ गए। वाहन में सवार लोग भी चीख पड़े। चालक ने स्पीड बढ़ाते हुए टेंपो को क्रासिंग के पार किया। तब जाकर लोगों की जान बची।

वहां मौजूद लोगों की मानें तो खुली क्रासिंग से ही ट्रेन गुजर गई। उधर केबिनमैन के अनुसार गेट के एक तरफ के लॉक में कुछ खराबी के चलते बैरियर नहीं बंद हो सका था। अप्रैल में रेलवे के जीएम बेल्हा आने वाले है। उसके पूर्व में रेल अधिकारियों ने सेफ्टी के लिए कई बार दिशा निर्देश दिए है और अलर्ट भी किया है, लेकिन सेफ्टी को लेकर अभी भी रेल प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नहीं हुआ है। यदि गेट के लॉक में खराबी थी तो पहले से ही उसे ठीक किया जाना था। गेट का लॉक खराब है इसका होश रेलकर्मियों को तब आया, जबकि खुले फाटक से ट्रेन चली गई। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक केएन शर्मा से संपर्क नहीं हो सका।