Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on May 31, 2013 - 06:01:08 AM


Title - गर्मी में मौज, एसी स्पेशल ट्रेन दस दिन और
Posted by : AllIsWell on May 31, 2013 - 06:01:08 AM

गर्मी की छुट्टी में बिहार से दिल्ली जाकर मौज-मस्ती करने वालों के लिए पूर्व मध्य रेल ने सुविधाओं का पिटारा खोल दिया है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पटना-नई दिल्ली के बीच विगत 18 से 29 मई के बीच चलायी गयी एसी स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन का फेरा रेलवे ने फिर से दस दिनों के लिए बढ़ा दिया है। भीषण गर्मी में दिल्ली का सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे के इस निर्णय से बड़ी राहत मिली है।
रेलवे के इस आदेश के बाद पटना से नई दिल्ली के बीच एसपी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन नंबर 04039 का परिचालन 31 मई से 13 जून तथा नई दिल्ली से पटना के बीच ट्रेन नंबर 04040 का परिचालन 30 मई से 12 जून तक दस-दस ट्रिप होगा। ये जानकारी देते हुए पूर्व मध्य रेल के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दीपक छाबड़ा ने बताया कि ट्रेन नंबर 04040 एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से 30 मई, 31 मई, 2 जून, 3, 5, 6, 8, 9, 11 तथा 12 जून को पटना के लिए रवाना होगी। जबकि ट्रेन नंबर 04039 एसी स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन पटना से नई दिल्ली के बीच 31 मई, 1 जून, 3, 4, 6, 7, 9, 10, 12 तथा 13 जून चलेगी। यह ट्रेन पटना से नई दिल्ली के लिए दिन के सवा बारह बजे खुलेगी तथा दानापुर, आरा, बक्सर, मुगलसराय, इलाहाबाद, कानपुर और गाजियाबाद के रास्ते अगले दिन सुबह चार बजे दिल्ली पहुंचेगी। जबकि नई दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी तथा इसी रूट से होते हुए अगले दिन सुबह पांच बजे पटना पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी फ‌र्स्ट के एक कोच, सेकेंड एसी के चार तथा थर्ड एसी के सात और पावर कार कम लगेज वैन के दो डिब्बे समेत कुल 14 डिब्बे होंगे। इस ट्रेन का किराया एसी सुपरफास्ट ट्रेन के समतुल्य होगा।