Indian Railways News => Topic started by Mafia on May 13, 2013 - 18:01:13 PM


Title - गर्मी में रुला रही चिलबिला रेलवे क्रासिंग
Posted by : Mafia on May 13, 2013 - 18:01:13 PM

प्रतापगढ़। जिले के लोगों व हाईवे यात्रियाें को इस गर्मी में चिलबिला रेलवे क्रासिंग फिर रुलाएगी। दिन भर 10-15 मिनट में क्रासिंग बंद होने के कारण जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लगन के दिन तो वाहनों की भरमार के कारण स्थिति और भी भयावह हो जाती है। यहां रेलवे का ओवरब्रिज बनकर तैयार है लेकिन पहुंच मार्ग नहीं बन सका है।
चिलबिला रेलवे क्रासिंग जिले की बहुत बड़ी समस्या है। पिछले साल इसका ओवरब्रिज बन गया लेकिन पहुंच मार्ग अभी तक शुरू नहीं हो सका। ऐसे में गर्मी और बरसात में समस्या से निजात मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। चिलबिला क्रासिंग से हर रोज 15 जोड़ा पैसेंजर और एक्सप्रेस गाड़ियां गुजरती हैं। पंद्रह जोड़ा सप्ताह में तीन दिन चलने वाली ट्रेनें हैं। इसके अलावा 4-5 मालगाड़ियां हर रोज चलती हैं। हर रोज 45 से 50 बार क्रासिंग बंद होती है। एक ट्रेन गुजारने के लिए क्रासिंग को 5 से 15 मिनट तक बंद रखा जाता है। ऐसे में बैरियर उठने के बाद सड़क के वाहनों की भीड़ खत्म नहीं हो पाती है तभी बैरियर बंद करना पड़ जाता है। इससे गर्मी में तो दिन भर यहां जाम की स्थिति रहती है। धूप में यात्री बसाें और जीपाें में पसीने से तरबतर रहते हैं। लगन के दिन तो सर्वाधिक समस्या होती है। शनिवार सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण वाहनाें की संख्या कम दिखी। हालांकि दोपहर में क्रासिंग के दोनों ओर लंबी लाइन लग गई। जाम की समस्या से निजात दिलाने के ओवरब्रिज तो पिछले साल ही बन गया था लेकिन पहुंच मार्ग अब तक नहीं बन सका है।