Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on May 21, 2013 - 04:00:16 AM


Title - चार मेट्रो स्टेशन दो घंटे बंद रहने से यात्री हुए परेशान
Posted by : nikhilndls on May 21, 2013 - 04:00:16 AM

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : चीनी प्रधानमंत्री के दिल्ली दौरे और तिब्बतियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली इलाके के चार प्रमुख मेट्रो स्टेशन सुबह आठ से 10 बजे तक बंद रखा गया। हालांकि इंद्रप्रस्थ स्टेशन को भी बंद करने की घोषणा की गई, लेकिन कुछ देर बाद ही स्टेशन को खोल दिया गया। यह अलग बात है कि इससे भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को व्यस्त समय के दौरान केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, खान मार्केट और रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन के बंद होने से अन्य दिनों की तुलना में 30 हजार कम लोगों की आवाजाही हुई। इस दौरान इंटरचेंज स्टेशन केंद्रीय सचिवालय पर ट्रेन बदलने की इजाजत थी, लेकिन स्टेशन में भीतर या बाहर जाने के लिए पाबंदी थी। मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल के अनुसार हंगामे की आशंका को ध्यान में रखते हुए इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन को भी बंद करने की सलाह पुलिस ने दी थी। लेकिन कुछ ही क्षणों में स्टेशन को फिर खोल देने के लिए कहा गया।
व्यस्त समय के दौरान मेट्रो स्टेशन बंद करने से यात्री हुए नाराज
खासतौर पर केंद्रीय सचिवालय तथा उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने का प्रयास करने वाले यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस भी हुई। बाद में यात्रियों को दूसरे स्टेशन पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। केंद्रीय सचिवालय पर कैलाश कॉलोनी से आईं रश्मि सिंह ने कहा कि उन्हें कृषि भवन जाना था, लेकिन स्टेशन से बाहर नहीं निकलने दिया गया। उनकी इस मसले पर सुरक्षाकर्मियों से जमकर बहस हुई। जब उन्हे दूसरे स्टेशन पर जाने की सलाह दी गई तो उन्होंने स्टेशन परिसर में ही अतिरिक्त समय देकर गेट खुलने का इंतजार किया|