Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 21, 2013 - 15:00:03 PM


Title - जंक्शन पर पेयजल को लेकर हंगामा, तोड़ी टोटी
Posted by : puneetmafia on May 21, 2013 - 15:00:03 PM

प्रतापगढ़ रेलवे जंक्शन पर पेयजल के लिए वैसे तो कई जगह नल लगे हुए हैं, लेकिन नलों से पानी नहीं निकल रहा है। इस भीषण गर्मी में ट्रेनों से यात्रा करने के साथ गंतव्य तक जाने के लिए गाड़ी का इंतजार करने वाले यात्रियों को भी पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को दिन में बारह बजे एक ट्रेन आई तो उसके यात्री प्यास से तड़प रहे थे। जब यात्रियों को टोटी से पानी नहीं मिला तो वे उसी पर अपना गुस्सा उतारने लगे।

-------------

पीआरएल निरस्त, विलंब से आई कई ट्रेनें

प्रतापगढ़ : लखनऊ से चलकर प्रयागघाट जाने वाली पीआरएल ट्रेन को काफी विलंब से आने के कारण निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी काफी विलंब से आई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

सोमवार को पीआरएल ट्रेन के कई घंटे देर से आने की सूचना पर उसे प्रतापगढ़ जंक्शन से ही वापस लखनऊ भेज दिया गया। प्रयागघाट तक ट्रेन के न जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस चिलचिलाती धूप एवं उमस के बीच अन्य साधनों से यात्रा करनी पड़ी। इसके अलावा पंजाब मेल ट्रेन एक घंटे व जनता एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से आने की सूचना यात्रियों को दी गई।

-----------

फोर्स की मौजूदगी में बंटा तत्काल टिकट

प्रतापगढ़ : आरक्षण काउंटर पर सोमवार को भी भारी भरकम फोर्स की मौजूदगी में तत्काल टिकट दिया गया। पिछले दिनों में लगातार हुए हंगामे को देखते हुए आरपीएफ एवं जीआरपी की फोर्स तत्काल टिकट वितरण के दौरान वहां रही। लाइन में लगे लोगों को फार्म का वितरण कराकर बारी बारी से लोगों के टिकट बनाए गए। सीआरएस भाई लाल ने बताया कि सोमवार को भी फोर्स की मौजूदगी के कारण तत्काल टिकट वितरण में कोई दिक्कत नहीं आई।