Indian Railways News => Topic started by railgenie on May 12, 2012 - 12:01:06 PM


Title - जुलाई में दौड़ेगी रोहतक ट्रेन!
Posted by : railgenie on May 12, 2012 - 12:01:06 PM

रोहतक.रेवाड़ी. यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। अब उनका रेवाड़ी-रोहतक के बीच सफर करना जल्द आसान होगा। रेवाड़ी-रोहतक ट्रैक पर लगभग ढाई साल से चल रहे निर्माण कार्य को जल्द निपटाने के लिए अधिकारियों ने इस ट्रैक का कार्य 30 जून तक पूरा करने की तिथि फाइनल कर दी है। ऐसे में जुलाई से रेवाड़ी-रोहतक के बीच ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने की पूरी संभावना है।


सड़क मार्ग से कम समय लगेगा, पैसे की भी बचत


सड़क मार्ग से रोहतक-रेवाड़ी की दूरी लगभग 110 किलोमीटर है, लेकिन खराब रास्ते व साधनों की कमी के चलते यात्रियों को यह दूरी तय करने में लगभग ढाई से तीन घंटे का समय लगता है। प्रदेश के विकसित शहरों की गिनती में आने की वजह से आए दिन लोगों को काम-धंधों के लिए रोहतक आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही इस ट्रैक पर पड़ने वाले गांव गोकलगढ़, पालावास, माछरोली, झज्जर, ढिंगल के आसपास रहने वाले लोगों को रेवाड़ी व रोहतक आने-जाने के लिए ज्यादा समय लगता है।


साधनों की कमी के कारण यात्रियों को सड़क मार्ग द्वारा रेवाड़ी - रोहतक के बीच यात्रा करने में ज्यादा किराया व समय देकर यात्रा करनी पड़ती है। रोहतक लाइन शुरू होते ही यात्रियों को कम किराया व ज्यादा समय गंवाए बिना ट्रेन यात्रा का लाभ मिलेगा।


कार्य अंतिम चरण में


स्टेशन अधीक्षक श्रीगोपाल भाटी ने बताया कि रेवाड़ी-रोहतक लाइन का कार्य अंतिम चरण में तीव्र गति से चल रहा है अधिकारियों के आदेश अनुसार 30 जून तक रेवाड़ी - रोहतक लाइन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद ट्रैक का फाइनल निरीक्षण सेफ्टी कमिश्नर टीम के द्वारा किये जाने के बाद ट्रैक पर गाड़ियों की आवाजाही जुलाई माह के मध्य तक शुरू की जाएगी।


राजधानी चंडीगढ़ पहुंचने में होगी आसानी



रेवाड़ी-रोहतक रेलवे ट्रैक शुरू होते ही क्षेत्र का सीधा जुड़ाव प्रदेश की राजधानी से हो जाएगा, क्योंकि फिलहाल ट्रेन से रेवाड़ी से चंडीगढ़ जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली या भिवानी होकर जाना पड़ता है। इसमें समय ज्यादा लगने के साथ किराया भी अधिक लगता है।



साथ ही यात्रियों को सीधी ट्रेन नहीं मिलने की वजह से दिल्ली व भिवानी जाकर चंडीगढ़ के लिए ट्रेन बदलनी पड़ती है। ऐसे में ज्यादा परेशानी अकेली सफर करने वाली महिला यात्रियों को उठानी पड़ती है। इससे कई बार तो ट्रेन बदलने के चक्कर में कई यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है।



रेवाड़ी-रोहतक लाइन के प्रारंभ होने से यात्रियों को दिल्ली व भिवानी जाये बगैर ही रेवाड़ी से सीधे पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला होकर चंडीगढ़ के लिए ट्रेन मिल पाएगी। इससे यात्रियों को चंडीगढ़ पहुंचने में आसानी के साथ ही समय भी कम लगेगा।