Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 30, 2013 - 15:01:31 PM


Title - ट्रेन की टक्कर से हवा में उछला ट्रैक्टर, चालक की मौत
Posted by : puneetmafia on Jul 30, 2013 - 15:01:31 PM

पीलीभीत : सोमवार की सुबह एक ट्रैक्टर ट्रॉली मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर पैसेंजर ट्रेन की जद में आ गई, जिससे ट्रैक्टर हवा में उछलकर गिरा तो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर स्वामी का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य युवक ने छलांग लगा कर जान बचाई। हादसे में ट्रेन इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ट्रेन डेढ़ घंटे से अधिक समय तक रुकी रही।
हादसा सोमवार की सुबह करीब 11.30 बजे के आसपास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रुरिया निवासी नन्हें लाल कश्यप (25) गांव के ही देवेंद्र पाल का ट्रैक्टर लेकर रेत भरने जा रहा था। साथ में ट्रैक्टर मालिक का पुत्र आशीष गंगवार उर्फ जग्गू व गांव का ही जाहिद भी बैठा था। ट्रैक्टर जब ग्राम रुरिया व टिकरी के मध्य स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग 23 को पार कर रहा था, तभी पीलीभीत से चलकर शाहजहांपुर को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन उसके नजदीक आ गई, तो वह घबरा कर ट्रैक्टर को बैक करने लगा। इसके पहले ही ट्रेन की टक्कर से ट्रैक्टर उछल कर सौ मीटर दूर जाकर गिरा, जिससे चालक नन्हें लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर स्वामी का पुत्र आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। जाहिद ने ट्रॉली से कूदकर जान बचाई। घायल आशीष को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। सूचना पर रेलवे के कई अधिकारी शाहजहांपुर से पहुंचे और घटना का जायजा लिया। बाद में जिला मुख्यालय से आया दूसरा इंजन ट्रेन को लेकर रवाना हो सका।