Indian Railways News => Topic started by TrustMe on May 10, 2013 - 03:00:31 AM


Title - ट्रेन के लेटलतीफी से यात्रियों ने किया हंगामा
Posted by : TrustMe on May 10, 2013 - 03:00:31 AM

जागरण संवाद केंद्र, फरीदाबाद : गाजियाबाद-कोसीकलां ईएमयू की लेटलतीफी के कारण दैनिक यात्रियों का बृहस्पतिवार को सब्र का बांध टूट गया। यात्रियों ने ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर शोर-शराबा करते हुए स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय का घेराव किया। आखिर में यात्रियों ने ट्रेनों के सही समय पर संचालन के लिए स्टेशन अधीक्षक को मांग पत्र सौंपा।
गाजियाबाद-कोसीकलां ट्रेन का ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय शाम 4:48 बजे का है, लेकिन इस निर्धारित समय के एक घंटे बाद तक भी जब ट्रेन नहीं पहुंची तो परेशान हो रहे यात्रियों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया और इसके बाद यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक डीडी सिंघल के कार्यालय का घेराव किया। यात्री जगदीश, रामप्रसाद, जितेंद्र कुमार, रामकुमार, पंकज, रजत, देवीसहाय व सुरेंद्र ने स्टेशन अधीक्षक को बताया कि गाजियाबाद-कोसीकलां ट्रेन को रोककर एक्सप्रेस ट्रेनों को निकाला जाता है, जिसके चलते पिछले कई दिनों से कोसीकलां इएमयू देरी से आ रही है। इएमयू के लेट आने से यात्री अपने घर देरी से पहुंचते हैं। खास कर ट्रेन लेट आने का खामियाजा महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। ट्रेनों में पुलिस के अभाव में महिलाओं के साथ अक्सर छेड़छाड़ की घटनाएं घट रही हैं। इस कारण महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है, लेकिन रेलवे अधिकारी व जीआरपी-आरपीएफ के जवान कोई ठोस कार्रवाई करने की बजाए मूकदर्शक बने हुए हैं।
डीडी सिंघल ने बताया कि इस ट्रेन के सही समय पर संचालन के लिए प्रयास किए जाएंगे। यात्रियों के मांग पत्र को उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।