Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Apr 23, 2013 - 12:00:39 PM


Title - ट्रेन डकैती की बड़ी साजिश बेनकाब
Posted by : riteshexpert on Apr 23, 2013 - 12:00:39 PM

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : कोतवाली पुलिस ने रविवार की देर रात आठ डकैतों को गिरफ्तार कर ट्रेन डकैती की एक बड़ी साजिश बेनकाब कर दिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से सात तमंचे, 11 कारतूस और चार देसी बम बरामद हुए हैं। डकैती की योजना बनाने वाले यह आठों बदमाश बिहार के रहने वाले हैं। इन सभी ने विभिन्न जिलों में लूट और डकैती की दर्जन भर से अधिक वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकारी है।
नगर कोतवाली पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली की कुछ अंतरराज्यीय ट्रेन डकैत रामबाग इलाके में ठहरे हुए हैं। वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसआइ समीर सिंह ने हमराही सिपाहियों के साथ घेराबंदी कर सुंदरम टावर के पीछे की सड़क पर आठ संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से सात तमंचा, 11 कारतूस और चार देसी बम बरामद हुए। डकैती की साजिश रचने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर सबको जेल भेज दिया गया।
-------------
बिहार के रहने वाले हैं बदमाश
पकड़े गए बदमाशों की पहचान बिहार के भागलपुर जिले में रहने वाले राजेंद्र पोद्दार, वैशाली निवासी जयंत कुमार, बेगूसराय निवासी गौतम कुमार, रवींद्र पासवान, गुड्डू साहू, रामकुमार और बैजनाथ, भोखापुर निवासी मनोज कुमार के रूप में की गई। गिरोह के सरगना राजेंद्र ने बताया कि वह तीन दिनों पहले यहां आए थे और यहां ट्रेन डकैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। राजेंद्र ने बताया कि उसके गिरोह के सदस्यों ने पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में लूट और डकैती की आधा दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है।