Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Feb 17, 2013 - 15:00:33 PM


Title - ट्रेन पर पथराव
Posted by : RailXpert on Feb 17, 2013 - 15:00:33 PM

बसवा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन में चढ़ने के दौरान दो ट्रेनों के यात्रियों में झगड़ा हो गया। इस दौरान जैसलमेर-दिल्ली इंटरसिटी के यात्रियों ने हिसार-जयपुर पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे पर पत्थर फेंककर चार खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। शीशे के टुकड़े लगने से कुछ यात्रियों के हल्की चोटें आई हैं। पथराव करने वाले लोग इंटरसिटी ट्रेन में सवार होकर अलवर की ओर रवाना हो गए। सूचना पर आरपीएफ व स्टेशन कर्मचारियों ने उन्हें तलाश किया, लेकिन वे नहीं मिले।

सूचना पर बांदीकुई से आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। उन्हें वहां ना तो कोई घायल मिला और ना ही आरोपित। इसके बाद पैसेंजर ट्रेन को बांदीकुई के लिए रवाना कर दिया गया। उच्चाघिकारियों ने स्टेशन अधीक्षक एम. बी. गुप्ता से घटना की जानकारी ली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सवा 6 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस की क्रॉसिंग होने से हिसार-जयपुर पैसेजर ट्रेन को बसवा रेलवे स्टेशन की लाइन नम्बर एक पर रोका गया था। इंटरसिटी के लाइन नम्बर दो पर आने के बाद लाइन एक पर खड़े यात्री पैसेंजर ट्रेन के डिब्बों में होकर लाइन नम्बर दो पर खड़ी इंटरसिटी में जाने लगे।

पैसेंजर ट्रेन में भीड़ अघिक होने से उसके यात्रियों ने उन्हें ओवरब्रिज से होकर जाने को कहा। इस पर पैसेंजर ट्रेन व इंटरसिटी के यात्रियों में झगड़ा हो गया। इसको लेकर इंटरसिटी के यात्रियों ने ट्रेन के अलवर की ओर रवाना होने से कुछ पल पहले पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव कर दिया। ट्रेन के बांदीकुई पहुंचने पर पथराव में जख्मी यात्रियों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया। इधर स्टेशन अधीक्षक एम. बी. गुप्ता ने बताया कि पथराव की सूचना मिली थी। जांच कराने पर ऎसा कुछ नहीं मिला।