Indian Railways News => Topic started by railenquiry on May 11, 2013 - 09:00:19 AM


Title - ट्रेन में अय्याशी करने वाला टीटीई निलंबित
Posted by : railenquiry on May 11, 2013 - 09:00:19 AM

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कोच में अय्याशी करने वाले टीटीई को रेल प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ अन्य जरूरी विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस भी इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुट गई है।
टीटीई के निलंबन की पुष्टि करते हुए दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक अनुराग सचान ने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर बने जीआरपी थाने से मिली रिपोर्ट के बाद आरोपी टीटीई राजबीर सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही आगे की विभागीय कार्रवाई भी शुरूकर दी गई है। जीआरपी थाना पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी किसी तरह का मामला सामने आता है तो सख्त कार्रवाई करेंगे। यह टीटीई रेलवे दिल्ली मंडल का ही है।
बता दें कि बीते 26 अप्रैल की सुबह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कोच में तीन टीटीई चार महिलाओं के साथ अय्याशी कर रहे थे। इसकी भनक जीआरपी थाना असम को मिली तो उन्होंने ट्रेन के कोच में छापेमारी की। इस दौरान दो टीटीई भाग गए, जबकि एक पकड़ा गया। मामले में चार बेटिकट महिलाएं भी पकड़ी गई थी। पूछताछ में महिलाओं ने टीटीई को पहचानने से इंकार कर दिया था। इसके बाद न्यू जलपाईगुड़ी जीआरपी ने टीटीई के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस खबर को दैनिक जागरण ने अपने 27 अप्रैल को 'ट्रेन में अय्याशी करते पकड़े गए टीटीई' शीर्षक से प्रकाशित किया था।
रेलवे के अधिकारिक सूत्र बताते हैं कि इस रूट पर डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी के बीच दूरी कम होने से प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कोच अक्सर खाली आते हैं। बस टीटीई इसी का फायदा उठाकर रातभर के सफर में अय्याशी करते हैं।