Indian Railways News => Topic started by greatindian on Apr 28, 2013 - 21:00:04 PM


Title - ट्रेन में चढ़ रही थी तभी गले तक बढ़े दो महिलाओं के हाथ, साजिश नहीं हुई कामयाब
Posted by : greatindian on Apr 28, 2013 - 21:00:04 PM

लक्ष्मणगढ़। फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ रही महिला के गले से चेन तोड़ते वक्त यात्रियों ने दो महिलाओं को पकड़ लिया। पकड़ी गई महिलाओं को संदेह के आधार पर जीआरपी ने पूछताछ के लिए हिरासत में रखा है। गुरुवार दोपहर चूरू- जयपुर चलने वाली ट्रेन में फतेहपुर स्टेशन से संतोष पत्नी शंकरलाल सैनी परिवार के साथ लक्ष्मणगढ़ के लिए गाड़ी में चढ़ रही थी।


इसी वक्त पीछे से दो तीन महिलाएं धक्का मुक्की करते हुए ट्रेन में चढ़ने लगी। इसी बीच संतोष सोने की चेन टूटने का हल्ला मचाने लगी। डिब्बे में पहले चढ़ चुके परिवार के सदस्यों ने आवाज सुनते ही धक्का देकर चढ़ने वाली दो महिलाओं को पकड़ लिया। इस बीच ट्रेन चल पड़ी।


ट्रेन के लक्ष्मणगढ़ पहुंचने पर परिवार के लोग व यात्री पकड़ी गई दोनों महिलाओं को पुलिस थाने ले आए। इसके बाद जीआरपी पुलिस इन्हें सीकर ले आई। जीआरपी थानाधिकारी ललूराम ने बताया कि चेन तोड़ने के मामले में संदेह के आधार पर दो महिलाओं को पकड़ा गया है। महिलाएं पंजाब स्थित संगरूर जिले की है। पुलिस पूछताछ कर चेन बरामदगी के प्रयास कर रही है।


महिलाओं का गिरोह सक्रिय
चेन तोड़ने में पंजाब की महिलाओं का गिरोह सक्रिय है। छह महीने पहले भी पंजाब की महिलाएं चेन तोड़ने के मामले में पकड़ी जा चुकी हैं। गुरुवार को पकड़ी गई महिलाएं भी पंजाब जिले की बताई जा रही हैं। पुलिस के अनुसार सात सितंबर को फतेहपुर बस स्टैंड पर चार महिलाओं को चेन तोड़ने के मामले में पकड़ गया था।

इसके बाद 21 सितंबर को सीकर स्थित मारू स्कूल के पास से चार महिलाएं पकड़ी गई थी। दोनों स्थानों पर सोमा पत्नी जगतार, जीतकोर पत्नी हरमेश, काकी पत्नी काला निवासी भवानीगढ़ जिला संगरूर (पंजाब) की थी। दो अन्य महिलाएं तोती पत्नी मलकीत व लक्ष्मी पत्नी कर्नल निवासी भवानीगढ़ जिला संगरूर की पकड़ी गई थी।