Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on May 07, 2013 - 12:00:42 PM


Title - ट्रेन में तर नहीं हो रहे यात्रियों के गले
Posted by : nikhilndls on May 07, 2013 - 12:00:42 PM

जागरण संवाददाता, मथुरा: भले ही रेलवे प्रशासन यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया कराने की बात कर रहा है लेकिन दौड़ती ट्रेन में वह यात्रियों के गले तक तर नहीं कर पा रहा है। भूखा-प्यासा रहकर ही यात्रा करनी पड़ती है। ट्रेनों में पेंट्री कार न होने के कारण यात्रियों को सफर के दौरान परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मथुरा-छपरा एक्सप्रेस, गोरखपुर -बांद्रा समर स्पेशल, मथुरा-पटना एक्सपेस, निजामुद्दीन-बांद्रा एक्सप्रेस, जम्मू-बांद्रा एक्सप्रेस आदि लंबी दूरी की गाड़ियों में पेंट्रीकार नहीं हैं। यात्रियों को कई-कई घंटे तक स्टेशन आने का इंतजार करना पड़ता है। बच्चों की हालत तो और ज्यादा खराब हो जाती है। चिलचिलाती गरमी में यात्रियों को भूखे और प्यासेही सफर करना पड़ता है।
अवैध वेंडर उठा रहे लाभ
ट्रेनों में पेंट्रीकार न होने का लाभ अवैध वेंडर उठा रहे हैं। ट्रेनों में खाने-पीने का सामान न मिल पाने के कारण यात्रियों को सामान खरीदने को मजबूर होना पड़ता है। अवैध वेंडर एनई रेलवे की ट्रेनों में हाथरस के पास से और एनसीआर की ट्रेनों में मथुरा सीमा के बाहर से चढ़ते हैं। यह वेंडर निजामुद्दीन से कोसी के मध्य अवैध वेडिंग कर रहे हैं। अवैध वेंडरों ने गोदाम भी निजामुद्ीन के पास बना लिए हैं। अवैध वेंडरों ने एनई रेलवे की गाड़ियों में भी चलना शुरू कर दिया है। आरपीएफ प्रभारी आरपी तौमर ने बताया कि ट्रेनों में चेकिंग करायी जाएगी। अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
अभी ज्यादा लंबी की दूरी गाड़ियां उपलब्ध नहीं है। लंबी दूरी की गाड़ियां बढ़ने पर यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत ट्रेनों में पेंट्रीकार लगवाये जाएंगे। राजेंद्र कुमार, पीआरओ