Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Apr 26, 2013 - 18:00:30 PM


Title - ट्रेन में धुआं उठते ही बजेगा अलार्म
Posted by : puneetmafia on Apr 26, 2013 - 18:00:30 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 26 अप्रैल 2013 5:30 AM IST पर


झांसी। जल्द ही ट्रेनों में धुआं उठने पर अलार्म बजने लगेगा। चाहे वह आग लगने के कारण उठा धुआं हो या सिगरेट का। यह होगा कोचों में लगने वाले कम्प्रेसिव फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम से। रेलवे बोर्ड जल्द ही यह सिस्टम ट्रेनों में लगाने जा रहा है। साथ ही नए कोचों में अग्निरोधी फर्निसिंग सामग्री भी लगाई जा रही है, जिससे आग लगने पर कोच में लगे उपकरण नहीं जलेंगे।
रेलवे बोर्ड ट्रेनों में आग की घटनाओं पर गंभीर है। रेल मंडल में ही पिछले एक साल में आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। सात जून 2012 को बलसाड़- कानपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में ललितपुर व दैलवारा स्टेशनों के मध्य आग लग गई थी। इसी तरह 14 जनवरी 2013 को मोंठ स्टेशन के निकट बरौनी -ग्वालियर एक्सप्रेस के चार स्लीपर कोच जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे। धौलपुर- हेतमपुर के मध्य राजधानी एक्सप्रेस, सिंथौली स्टेशन के निकट तमिलनाडु एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनों में ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं। ऐसी घटनाओं को देख रेलवे बोर्ड अब जल्द ही ट्रेनों के कोचों में कम्प्रेसिव फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम लगाने जा रहा है। इस सिस्टम के पास धुआं पहुंचते ही कोच में बजर बजने लगेगा। यहां तक कि सिगरेट के धुएं पर भी यह सिस्टम काम करेगा। इससे आग लगने का तुरंत पता चल सकेगा, जिससे समय पर उस पर काबू पाया जा सकेगा। वहीं, तैयार हो रहे नए कोचों में अग्निरोधी फर्निसिंग सामग्री का भी उपयोग किया जा रहा है। इनकी खास बात यह होगी कि आग लगने पर उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त नहीं होंगे।
झांसी रेल मंडल के पीआरओ रवि प्रकाश ने रेलवे बोर्ड की इस योजना की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही कोचों में कम्प्रेसिव फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम लगाए जाएंगे।