Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on May 31, 2013 - 06:00:43 AM


Title - ट्रेन में सलीके से परोसा जाएगा भोजन
Posted by : eabhi200k on May 31, 2013 - 06:00:43 AM

रेलवे प्लेटफॉर्म और ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को भोजन करते समय सुखद अहसास होगा। रेलवे कर्मचारी यात्रियों को सलीके से भोजन परोसेंगे। भोजन के मैन्यू में पनीर टिक्का और रसगुल्ले भी शामिल किए गए हैं। यात्रियों को भोजन परोसने के तरीके के बारे में रेल कर्मियों को होटल मैनेजमेंट एंड न्यूट्रीशियन कॉलेज पूसा दिल्ली में प्रशिक्षित किया जाएगा।
रेलवे का भोजन अपेक्षाकृत स्वादिष्ट नहीं माना जाता, लेकिन अब इसे जायकेदार बनाया जा रहा है। यात्रियों को भोजन में पनीर टिक्का, गाजर का हलवा, खीर, रसगुल्ला भी मिलेगा। अभी तक रेलवे के प्लेटफॉर्म एवं रेस्टोरेंट में इडली, सांभर, पराठा, पूरी, आमलेट आदि ही मिलता है।
प्रथम चरण में इलाहाबाद और कानपुर के कर्मचारियों को रेलवे ट्रेनिंग दे रहा है। इसके बाद झांसी और आगरा मंडल के कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने की तैयारी है।
अभी तक रेलवे में कैटरिंग की जिम्मेदारी आइआरसीटीसी (भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम) के हाथ में थी, लेकिन अब कैटरिंग रेलवे ही चलाएगी। फिलहाल रेलवे ठेके पर इसे संचालित कर रही है। व्यवस्था को पूरी तरह अपने हाथ में लेने के लिए रेलवे कर्मचारियों को दक्ष बनाया जा रहा है। प्रथम चरण में प्लेटफॉर्म स्थित रेस्टोरेंट और स्टॉल पर, इसके बाद ट्रेन में यह व्यवस्था लागू होगी।
सीपीआरओ संदीप माथुर ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों को होटल मैनेजमेंट एंड न्यूट्रीशियन कॉलेज पूसा दिल्ली में ट्रेनिंग की व्यवस्था की गई है।
ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने का प्रयास कर रही है रेलवे
यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया कराने का रेलवे प्रयास कर रही है। भोजन की गुणवत्ता बढ़ाकर यात्रियों को रेलवे से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। काफी विचार- विमर्श के बाद रेलवे ने यह कदम उठाया है।