Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jun 03, 2013 - 00:00:52 AM


Title - ट्रेन में सवार होने को धक्का-मुक्की, हंगामा
Posted by : RailXpert on Jun 03, 2013 - 00:00:52 AM

प्रतापगढ़। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर अर्चना एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर जमकर धक्का-मुक्की हुई। यही नहीं दो कूपे में तो यात्री धक्का खाकर नीचे गिर गए। वहीं महिला कोच में पुरुषों के घुस जाने से जमकर हंगामा हुआ।
राजेंद्र नगर-जम्मूतवी ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो यात्री उस पर सवार होने को टूट पड़े। जनरल डिब्बों में पहले से ही भारी भीड़ थी। यात्रियों ने डिब्बों में चढ़ने का प्रयास किया तो पहले से ही मौजूद यात्रियों ने धक्का दे दिया। इससे कई यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़े। दोबारा प्रयास करने पर कुछ ही यात्री इसमें चढ़ सके। ट्रेन में जाने के लिए खिड़कियों से यात्री सामान अंदर रखने के लिए बैठे यात्रियों से मिन्नतें करते नजर आए। यही नहीं कुछ यात्री तो महिलाओं के डिब्बे में चढ़ गए। इस पर अंदर बैठी महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे कुछ यात्री तो नीचे उतरे लेकिन कुछ ने सीट संभाल ली। उधर, जगह न होने के चलते यात्री सामान रखने वाले डिब्बे में जाकर बैठ गए। ट्रेन के रुकने तक यात्री बैठने के लिए किसी तरह जुगाड़ करते रहे। कुछ यात्री तो ट्रेन के डिब्बे से लटकते हुए रवाना हुए।