Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Aug 27, 2013 - 11:56:39 AM


Title - ट्रेन रोकते समय 17 भाजपाई गिरफ्तार
Posted by : AllIsWell on Aug 27, 2013 - 11:56:39 AM

चौरासी कोसी परिक्रमा की रोक का विरोध कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 34 नेताओं की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को भाजपा नेताओं ने आंदोलन का ऐलान कर दिया। कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन के बाद सवायजपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के नेतृत्व में भाजपाई रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी सियालदह एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़कर ट्रेन के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। पुलिस फोर्स ने इंजन से उतार कर सभी को हिरासत में ले लिया। ट्रेन समय से गंतव्य के लिए रवाना हुई। पुलिस लाइन में लिखापढ़ी के बाद 17 भाजपाइयों को जेल भेज दिया गया।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम का भारतीय जनता पार्टी समर्थन कर रही है। रविवार को आंदोलन कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 34 भाजपा नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सोमवार को भाजपा के आंदोलन की जिम्मेदारी माधवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई। सुबह से ही पुलिस उनकी खोज में लग गई। हालांकि कलेक्ट्रेट में विहिप के साथ भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के शांति पूर्वक धरना प्रदर्शन करने लगे। दोपहर एक बजे के करीब भाजपा नेता श्री रानू के नेतृत्व में भाजपाई चुपचाप रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। वैसे उनका पीछा कर रहे शहर कोतवाल वीके मिश्रा फोर्स समेत स्टेशन पर पहुंच गए। लेकिन मौका पाकर भाजपाई स्टेशन में घुस गए उस समय जम्मू जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी थी। भाजपाई दौड़ते हुए ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए। जीआरपी व आरपीएफ ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, नगर मजिस्ट्रेट शिवरतन लाल वर्मा, सीओ सिटी राजेश कुमार कई थानों की फोर्स के साथ स्टेशन पहुंचे और ट्रेन के इंजन पर चढ़े सौरभ मिश्रा नीरज, उमाकांत गुप्ता, राजीव सिंह, मदनपाल सिंह, पंकज सिंह, आदेश समेत 17 भाजपाइयों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया और फिर शांति भंग करने के आरोप में सभी को 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
भाजपाइयों के कार्यालयों में तालाबंदी के ऐलान को लेकर सुबह पुलिस फोर्स सर्तक हो गया। एएसपीअजय शंकर राय व सीओ सिटी राजेश कुमार ने खुद सुरक्षा व्यवस्था संभाली। कलेक्ट्रेट में एसओ कोतवाली देहात, हरियावां, महिला थानाध्यक्ष समेत भारी फोर्स लगाई गई। विकास भवन में बेहटागोकुल एसओ के साथ फोर्स लगाई गई। सभी गेटों पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
विकास भवन की हुई तलाशी
विकास भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं के मौजूद होने की खबर पर कार्यालयों की तलाशी ली गई। सीओ सिटी व नगर मजिस्ट्रेट ने एक एक कार्यालय जाकर लिपिकों व कर्मचारियों से जानकारी ली। कुछ भाजपा कार्यकर्ता मौजूद भी थे लेकिन पुलिस की तलाशी देख चंपत हो गए।
जी भर कर के भाजपाइयों ने सरकार को कोसा
कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने जी भरकर के सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली। भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार दुबे, गंगा सिंह चौहान, रामबली मिश्रा, रामसागर कनौजिया ने सरकार को निशाने पर लिया। चौरासी कोसी परिक्रमा का अर्थ बताते हुए इसका विरोध करने वाले क्या होंगे यह तक बता डाला।