Indian Railways News => Topic started by Mafia on Aug 06, 2013 - 15:59:08 PM


Title - डीआरएम ने किया चार रेलकर्मियों को निलंबित
Posted by : Mafia on Aug 06, 2013 - 15:59:08 PM

सुल्तानपुर : महिला कर्मचारी की तैनाती को लेकर वार्ता करने गए रेलवे मेंस यूनियन के नेताओं व एइएन के बीच मारपीट के मामले में डीआरएम कार्यालय ने चार रेलकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनसे दो सप्ताह में जवाब-तलब किया गया है। दूसरी तरफ पुलिस की जांच भी शुरू हो गई है।

उपमंडल अभियंता (एइएन) कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी संजू देवी के तैनाती स्थल में परिवर्तन को लेकर बीते मंगलवार 30 जुलाई को रेलवे मेंस यूनियन के कई नेता एइएन दुष्यंत सिंह से मिलने गए थे। बताया जाता है कि पूर्व अनुमति न होने को लेकर अफसर व कर्मचारियों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया है कि एइएन अपने कक्ष से उठकर जाने लगे तो कर्मचारी नेताओं ने उन्हें रोक लिया। इस बीच हाथापाई व दोनों पक्षों में मारपीट भी होने की खबर है। शुरूआत में मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दूसरे दिन दोनों पक्षों ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। अफसर व रेलकर्मी में विवाद की जांच करने मंडल कार्यालय से वरिष्ठ मंडल अभियंता चतुर्थ अभय कुमार व मुख्य कार्मिक अधिकारी जर्नादन सिंह गुरुवार को आए। शुक्रवार को जीआरपी के सीओ आरडी यादव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया व पक्षकारों से पूछताछ की। जांच रिपोर्ट मंडल कार्यालय पहुंची तो डीआरएम ने यहां के चार कर्मचारी नेताओं वीके मिश्रा, हिमांशु चौबे, केदार व गणेश्वर चौबे को निलंबित कर दिया गया। इन कर्मचारियों से दो सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उधर, कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों मुकदमों की विवेचना शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि एइएन दुष्यंत सिंह ने आठ नामजद सहित 38 व कर्मचारी नेता वीके मिश्रा ने एइएन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।

इनसेट..: छुट्टी पर गए एइएन

सुल्तानपुर : मेंस यूनियन के नेताओं से विवाद व मारपीट के बाद अफसरों ने जांच शुरू की। एइएन व रेलकर्मियों को मंडल कार्यालय में बयान के लिए भी बुलाया गया। इधर, मंडल कार्यालय ने चार रेलकर्मचारियों को निलंबित कर दिया तो उधर, एइएन दुष्यंत सिंह छुट्टी पर चले गए।