Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on May 21, 2013 - 16:00:05 PM


Title - ढाई हजार किलोमीटर का सफर तय कर जयपुर पहुंचे मेट्रो कोच
Posted by : puneetmafia on May 21, 2013 - 16:00:05 PM

बेंगलूरु से ढाई हजार किलोमीटर का सफर तय कर मेट्रो के कोच सोमवार को जयपुर पहुंच गए। मानसरोवर डिपो पर अपने कोच देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ सी उमड़ पड़ी। मंगलवार शाम को डिपो स्थित भृगु पथ पर तिलक समारोह में इन कोचों से पर्दा हटाया जाएगा। नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक निहाल चंद गोयल ने बताया कि मंगलवार शाम 5.30 बजे आयोजित होने वाले तिलक समारोह में मेट्रो के डिब्बों को विशेष ट्रेलर से क्रेन द्वारा पटरी पर उतारा जाएगा। ट्रेन के पहले कोच की पूजा अर्चना के बाद नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री उसे तिलक लगाएंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद, विधायक और जयपुर मेयर भी उनके साथ होंगे।

गोयल ने बताया कि भारत में निर्मित एवं डिजाइन की गई यह देश की प्रथम मेट्रो ट्रेन होगी, जिसे भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) कम्पनी, बैंगलोर द्वारा बनाया गया है। इससे पहले भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड कम्पनी द्वारा बनाई गई मेट्रो ट्रेन विदेशी कम्पनियों के साथ मिलकर बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि 9732 करोड़ रुपये की महत्त्वाकांक्षी जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के तहत 3149 करोड़ रुपये के प्रथम फेज के लिए 10 ट्रेन के कुल 40 डिब्बों के निर्माण का कार्य भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड को सौंपा हुआ है।

निर्धारित कार्यक्रमानुसार आगमन :

सीएमडी ने बताया कि जयपुर मेट्रो की इस पहली ट्रेन को गत 29 अप्रेल को बैंगलोर से चार ट्रेलरों पर रख कर सड़क मार्ग से रवाना किया गया था जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब 22 दिन में सोमवार दोपहर जयपुर पहुंची। अपनी यात्रा में जहां-जहां से भी यह ट्रेन गुजरी लोगों में इसके प्रति भारी उत्साह देखा गया।

आगामी 9 ट्रेनों का प्रस्तावित कार्यक्रम :

जयपुर मेट्रो के लिए बाकी 9 ट्रेन के डिब्बों के जयपुर पहुंचने का संभावित कार्यक्रम भी बीईएमएल से जयपुर मेट्रो को प्राप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार दूसरी ट्रेन बैंगलोर से 27 मई को रवाना होकर 20 जून तक जयपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार तीसरी और चौथी ट्रेन के 30 जून को रवाना होकर 20 जुलाई तक, पांचवीं और छठी ट्रेन 31 जुलाई को रवाना होकर 20 अगस्त तक, सातवीं और आठवीं ट्रेन 31 अगस्त को रवाना होकर 20 सितम्बर तक तथा नौवीं और दसवीं ट्रेन के 30 सितम्बर को रवाना होकर 20 अक्टूबर तक जयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है।