Indian Railways News => Topic started by TrustMe on Jun 04, 2013 - 15:01:16 PM


Title - तत्काल टिकट की लाइन में मारपीट
Posted by : TrustMe on Jun 04, 2013 - 15:01:16 PM

प्रतापगढ़। आरक्षण काउंटर पर आए दिन यात्रियों के बीच झंझट होता रहता है। मंगलवार को तत्काल टिकट निकालने के लिए सोमवार रात शहर का रहने वाला अंकित सिंह पहले नंबर पर लाइन लगाकर खड़ा हो गया। आरोप है कि इस बीच आरपीएफ का एक सिपाही पहुंचा और दूसरे नंबर पर धकेल दिया। लाइन में खड़े अंकित को दूसरे व्यक्ति ने अरदब में लेकर तीसरे नंबर पर भेज दिया। इसी दौरान एक रेल कर्मी पहुंचा और उसे चौथे नंबर पर जाने को कहा। विरोध करने पर रेल कर्मी ने अंकित की पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी सोने की चेन छीन ली। इस बाबत एसओ जीआरपी का कहना है कि मारपीट की सूचना मिली है। वह मौके पर जा रहे हैं।
छुट्टियों का सीजन होने के कारण इन दिनों आरक्षण काउंटर पर भारी भीड़ हो रही है। दलाल अक्सर बीच में घुसकर टिकट बनवाने का प्रयास करते हैं। हर दिन लाइन में घुसने को लेकर हंगामा शुरू हो जाता है। काउंटर पर सिपाहियों के न रहने के कारण भी यहां धक्का-मुक्की होती रहती है। सोमवार को कुछ लोगों ने लाइन में घुसने का प्रयास किया तो शोर शराबा शुरू हो गया। दलालों ने लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया तो नोकझोंक होने लगी। आरक्षण काउंटर पर हंगामे की सूचना पर जीआरपी का एक सिपाही पहुंच गया। उसे देख दलाल खिसक लिए। आरक्षण काउंटर पर हर दिन होने वाले हंगामे के बाद भी तीसरा काउंटर नहीं चलाया जा रहा है। सीआरएस के अनुसार उनके पास स्टाफ नहीं है जबकि सीनियर डीसीएम ने उन्हें इमरजेंसी के समय एक और काउंटर चलाने का निर्देश दिया था।