Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Jul 31, 2012 - 03:20:32 AM


Title - तमिलनाडु एक्सप्रेस में आग, 32 जिंदा जले
Posted by : puneetmafia on Jul 31, 2012 - 03:20:32 AM

दिल्ली से चेन्नई जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस की एक बोगी में लगी रहस्यमयी आग में 32 यात्री जिंदा जल गए और 25 अन्य झुलस गए। आग इस सुपरफास्ट ट्रेन के स्लीपर क्लास कोच एस-11 में तड़के चार बजे करीब लगी, तब ट्रेन आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और वेदयपलेम स्टेशनों के बीच 100 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से दौड़ रही थी।

आग लगने के वक्त यात्री गहरी नींद में थे। रेल मंत्री मुकुल रॉय ने ट्रेन में ब्लास्ट होने की आशंका को भी खारिज नहीं किया है। रेल मंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और इसका जिम्मा दक्षिण मध्य रेलवे जोन के रेल सरंक्षा आयुक्त बीके सिंह को सौंपा है।

मरने वालों में 19 पुरुष, छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। माना जा रहा है कि आग बोगी के एक टॉयलेट में शॉर्ट सर्किट के बाद लगी। आग को सबसे पहले नेल्लोर स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक ने देखा और तुरंत ट्रेन रुकवाई। बोगी से उठ रही तेज लपटों पर सुबह साढ़े पांच बजे तक काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरी बोगी खाक हो चुकी थी। सभी 32 शवों को कोच से निकाल लिया गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बोगी का एक दरवाजा खराब था, जिससे यात्रियों को दूसरे दरवाजे की तरफ भागना पड़ा। यह भी ज्यादा मौतें होने की वजह रही। घटना के वक्त बोगी में 70 से ज्यादा यात्री सवार थे। 25 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ज्यादा जल गए चार शवों की पहचान नहीं हो सकी है। इनकी पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए रेल मंत्रालय से पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराने को कहा है। रेलवे ने मृतक आश्रितों के लिए पांच लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। घायलों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। रेलवे ने कहा है कि यदि किसी परिवार का कमाऊ व्यक्ति हादसे में मारा गया है तो उस परिवार के सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी।

नेल्लोर स्टेशन के पास एक क्रासिंग पर तैनात गेटमैन ने ट्रेन में एक तेज आवाज सुनी थी। डिविजनल रेलवे मैनेजर ने भी ब्लास्ट से संबंधित एक रिपोर्ट भेजी है। लेकिन जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि ट्रेन में कुछ ज्वलनशील था या फिर आग शॉर्ट सर्किट से लगी।--मुकुल रॉय, रेल मंत्री