Indian Railways News => Topic started by irmafia on May 06, 2013 - 18:01:18 PM


Title - तोड़े जाएंगे रेलवे के कंडम क्वार्टर
Posted by : irmafia on May 06, 2013 - 18:01:18 PM

प्रतापगढ़। रेलवे के कंडम क्वार्टरों को तोड़कर नए सिरे से बनवाने की तैयारी है। इन कंडम क्वार्टरों में जमे जीआरपी सिपाहियों को सूचना देकर कब्जा छोड़ने को कहा गया है।
जीआरपी के काफी सिपाही रेलवे की कंडम कालोनियों में कब्जा जमाए हैं। जीएम के दौरे के कारण इन कंडम कालोनियों को तोड़ा जाना है। इसके लिए डीआरएम कार्यालय से आदेश आ चुका है। इन कालोनियों को तोड़े जाने के पहले इन सिपाहियों को कब्जा छोड़ने का फरमान जारी किया गया है। रेलवे के कंडम क्वार्टरों में जमे जीआरपी के दर्जन भर सिपाहियों को तुरंत कोई ठिकाना नहीं मिल रहा है। रविवार सुबह सिपाहियों को अपना सामान बाहर निकालने को कह दिया गया। इससे वे पूरे दिन मकान के चक्कर में भटकते रहे। सिपाहियों का कहना है कि जब तक उनके रहने की व्यवस्था कहीं और नहीं हो जाती, मजबूरी में यहीं रहना पड़ेगा। इस मामले में एडीएन अर्जुन सिंह ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस बारे में जानकारी नहीं है। पहले एक बार कंडम कालोनियों को तोड़वाने की बात कही गई थी। अभी कोई लिखित आदेश उनके पास नहीं पहुंचा है।
वर्षों से उपेक्षित स्टेशन की दशा अब सुधरने लगी है। जैसे-जैसे जीएम के आने का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे स्टेशन पर तमाम पेंडिंग काम निपटाए जा रहे हैं। साल भर से खराब पड़े ध्वनि विस्तारक यंत्र को अब ठीक कराया गया है।
स्टेशन पर लगा ध्वनि विस्तारक यंत्र वर्षों पहले खराब हो गया था। स्टेशन के पूछताछ कार्यालय पर एक व्यक्ति की ड्यूटी सिर्फ ट्रेनों के आने-जाने की घोषणा के लिए लगाई गई है। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ट्रेनों की पूरी जानकारी नहीं दे पाता था। ट्रेनों के प्लेटफार्म पर आने और जाने की ही सूचना दे पाता था। इसके अतिरिक्त पूछताछ कार्यालय पर बोर्ड में सूचनाएं लिखकर काम चलाया जाता था। इस यंत्र को बनवाने के लिए दर्जनों बार मेमो दिया गया था। बावजूद इसके यंत्र बनवाया नहीं जा सका था। रविवार को इलाहाबाद से आए इंजीनियरों ने इस यंत्र को ठीक किया तो इससे स्टेशन के यात्रियों को एक बार फिर से ट्रेन की लोकेशन मिलने लगी। उधर रविवार को आफिसों के एग्जास्ट भी ठीक कराए गए। वर्षों से खराब पड़ी शीतल जल देने वाली टंकी भी चालू हो गई है। अब यात्रियों को स्टेशन पर ठंडा पानी भी उपलब्ध हो गया है। कई वर्षों से खराब पड़े एसी ठीक किए गए।